Papon Concert Raipur: रायपुर में पापोन का लाइव कंसर्ट बना यादगार, ‘मनार 5.0’ में संगीत से जीता दर्शकों का दिल

Papon Concert Raipur: यंग इंडिया रायपुर चैप्टर द्वारा आयोजित फंडरेज़र इवेंट मनार 5.0 के तहत शनिवार शाम रायपुर के ओमाया गार्डन में बॉलीवुड के लोकप्रिय गायक पापोन का लाइव कंसर्ट आयोजित किया गया। यह संगीत संध्या राजधानी के संगीत प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव साबित हुई। कार्यक्रम पूरी तरह हाउसफुल रहा और दर्शकों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

जैसे ही पापोन ने मंच पर कदम रखा, तालियों और उत्साहभरी सीटियों से पूरा परिसर गूंज उठा। रंगीन लाइट्स, बेहतरीन साउंड सिस्टम और भव्य स्टेज डेकोरेशन ने कंसर्ट के माहौल को और खास बना दिया। पापोन ने अपने सूफी अंदाज़ में ‘जिएं क्यों…’ से कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद ‘क्यों’, ‘मोह मोह के धागे’, ‘बुल्ला की जाना’ और ‘ये हौसला…’ जैसे लोकप्रिय गीतों ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया।

भावनात्मक गीतों की प्रस्तुति में ‘कौन मेरा…’ और ‘हमारी अधूरी कहानी…’ ने श्रोताओं को भावनाओं से जोड़ दिया। इस दौरान दर्शकों ने मोबाइल फ्लैशलाइट जलाकर पूरे ओमाया गार्डन को रोशनी से भर दिया। लगभग दो घंटे तक चले इस कंसर्ट में हर आयु वर्ग के लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम के एक खास पल में पापोन ने ‘हाय रब्बा…’ गीत के दौरान सिक्योरिटी हटवाकर दर्शकों से सीधा संवाद किया, जिससे माहौल और भी आत्मीय हो गया। रायपुर के सुहावने मौसम को समर्पित करते हुए उन्होंने ‘तुम्हारे शहर का शाम सुहाना लगे…’ गाकर समां बांध दिया। वहीं ‘पहला नशा, पहला खुमार…’ जैसे गीत ने कॉलेज के दिनों की यादें ताजा कर दीं।

इस अवसर पर यंग इंडिया रायपुर चैप्टर के चेयर पंकज सोमानी ने कहा कि ऐसे फंडरेज़र इवेंट्स का उद्देश्य समाजसेवा के साथ युवाओं को सकारात्मक और रचनात्मक मंच प्रदान करना है। को-चेयर कविता पासारी ने कार्यक्रम की सफलता के लिए पूरी टीम और रायपुरवासियों का आभार व्यक्त किया। यंग इंडिया द्वारा आयोजित यह कंसर्ट संगीत और सामाजिक उद्देश्य का बेहतरीन संगम साबित हुआ।

Youthwings