Chhattisgarh Morning News: सीएम साय का सूरजपुर दौरा, कांग्रेस की मनरेगा पदयात्रा, वंदे मातरम् कार्यक्रम और साहित्य उत्सव के लिए फ्री बस सेवा
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ की राजनीति, प्रशासन और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़ी आज की बड़ी खबरों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का सूरजपुर दौरा, कांग्रेस की मनरेगा बचाओ पदयात्रा, वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के कार्यक्रम और रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के लिए निःशुल्क बस सेवा शामिल हैं।
आज सूरजपुर दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज सूरजपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। सुबह 10 बजे वे अरुणोदय सूरजपुर के प्रतिभागियों से मुलाकात करेंगे। इसके बाद सुबह 10:30 बजे वे अपने गृह जिला जशपुर के लिए रवाना होंगे। ग्राम बगिया स्थित अपने निज निवास पर मुख्यमंत्री कुछ समय विश्राम करेंगे। दोपहर 3:30 बजे बगिया से प्रस्थान कर शाम 4 बजे तक राजधानी रायपुर लौटने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस की ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ पदयात्रा जारी
कांग्रेस पार्टी द्वारा मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत पदयात्रा लगातार जारी है। आज बेमेतरा जिले में सुबह 11:30 बजे से जनसंपर्क पदयात्रा शुरू होगी। यह यात्रा ग्राम पिपरभाठा, बहेरा, कुसमी, खुड़मुडी और बावमोहतरा से होकर गुजरेगी। पदयात्रा में पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल होंगे। इस दौरान कांग्रेस नेता मनरेगा की उपलब्धियों का जिक्र करेंगे और राज्य सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने के आरोप लगाएंगे।
26 जनवरी तक वंदे मातरम् पर विशेष कार्यक्रम
वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर दूसरे चरण के कार्यक्रमों की शुरुआत हो चुकी है, जो 26 जनवरी तक चलेंगे। गणतंत्र दिवस के दिन राज्य स्तरीय भव्य आयोजन किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और राज्यपाल रमेन डेका की सहभागिता रहेगी। NCC, NSS, स्काउट एंड गाइड की सक्रिय भागीदारी के साथ राज्य पुलिस बैंड सार्वजनिक स्थलों पर वंदे मातरम् और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति देगा। यह आयोजन कुल चार चरणों में संपन्न होंगे।
असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति
दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व के साथ हुई बैठक को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जानकारी दी है। बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल समेत अन्य वरिष्ठ नेता और ऑब्जर्वर्स मौजूद थे। असम विधानसभा चुनाव को लेकर रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई है। कांग्रेस की ओर से 20 जनवरी को गुवाहाटी में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अभियान की शुरुआत होगी, जबकि 21 जनवरी से संभाग स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के लिए निःशुल्क बस सेवा
रायपुर साहित्य उत्सव 2026 के दौरान आम जनता, विद्यार्थियों और साहित्य प्रेमियों के लिए बड़ी सुविधा दी गई है। 23, 24 और 25 जनवरी को तीन दिनों तक निःशुल्क बस सेवा उपलब्ध रहेगी। कुल 15 बसें शहर के 6 प्रमुख रूटों पर संचालित होंगी। पुराना रायपुर से लेकर नवा रायपुर स्थित पुरखौती मुक्तांगन तक सीधा आवागमन मिलेगा। बसों की समय-सारणी जल्द जारी की जाएगी।
