मोरध्वज महोत्सव 2026 का भव्य समापन: 6 विभूतियां सम्मानित, सीएम साय ने की कई बड़ी घोषणाएं

मोरध्वज महोत्सव 2026

मोरध्वज महोत्सव 2026

आरंग: राजा मोरध्वज के त्याग, सत्यनिष्ठा और धर्मपरायण जीवन को समर्पित मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 का समापन समारोह भव्य और ऐतिहासिक वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, साधु-संतों, मातृशक्ति, युवाओं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों की उपस्थिति रही।

राजा मोरध्वज का जीवन आज भी देता है प्रेरणा: मुख्यमंत्री

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राजा मोरध्वज छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान और नैतिक मूल्यों के जीवंत प्रतीक हैं। उनका जीवन सत्य, कर्तव्य और बलिदान की ऐसी मिसाल है, जो आज भी समाज को सही दिशा दिखाता है।

पौराणिक आस्था से जुड़ी है आरंग की भूमि

मुख्यमंत्री साय ने आरंग की भूमि को पौराणिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि यह क्षेत्र त्रेता युग में प्रभु श्रीराम के चरण-स्पर्श से और द्वापर युग में भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ा रहा है। इस अवसर पर उन्होंने बागेश्वर बाबा में जलाभिषेक एवं पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और शांति की कामना की।

क्षेत्रीय विकास के लिए की गईं महत्वपूर्ण घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने मंच से क्षेत्र के विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं।
उन्होंने समोदा उप तहसील को पूर्ण तहसील बनाने तथा वहां पूर्णकालिक तहसीलदार की नियुक्ति की घोषणा की।
साथ ही मोरध्वज महोत्सव के लिए मिलने वाले शासकीय अनुदान को ₹5 लाख से बढ़ाकर ₹10 लाख करने का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित खेल परिसर एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने का भरोसा भी दिलाया।

6 विभूतियों को मिला राजा मोरध्वज अलंकरण सम्मान:

मोरध्वज आरंग महोत्सव–2026 समारोह में 6 विभूतियों को राजा मोरध्वज अलंकरण सम्मान से सम्मानित किया गया –

1. दानशीलता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : स्व.भागीरथी लाल अग्रवाल के पौत्र श्री आशीष कुमार अग्रवाल।

2. गौ-सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : राहुल जोशी
3.
खेल-कूद के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : भुवन लाल नशीने

4. शिक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : मुरली मनोहर देवांगन

5. कला एवं संगीत के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : प्रभुलाल साहनी

6. समाज सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान : पीपला वेलफेयर फाउंडेशन आरंग

read more : CMHO निलंबन विवाद: स्वास्थ्य संयोजक कर्मचारी संघ CMHO कार्यालय का करेंगे घेराव

जनहित सर्वोपरि, “मोदी की गारंटी” पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य सरकार “मोदी की गारंटी” के अनुरूप जनहित को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, रोजगार और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण सरकार की विकास नीति के प्रमुख स्तंभ हैं।

सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू को मिला सम्मान

समारोह में सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू को रेत से भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और भगवान बागेश्वरनाथ की आकर्षक आकृतियां बनाने के लिए सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने कलाकार की कला की प्रशंसा करते हुए कहा कि इस प्रकार की सृजनात्मक कला छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को देशभर में स्थापित करती है।

सैंड आर्टिस्ट हेमचंद साहू को मिला सम्मान

ये रहे प्रमुख अतिथि

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, गुरु बालकदास साहेब, सांसद विजय बघेल, बृजमोहन अग्रवाल, विधायक इंद्रकुमार साहू, मोतीलाल साहू, रोहित साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Youthwings