Chhattisgarh Morning News: अगले दो दिन कड़ाके की ठंड का अलर्ट, आज होगा IND-NZ मैच टिकट का ऐलान, रायपुर में वंदे मातरम् का भव्य आयोजन

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों के लिए शीतलहर का अलर्ट जारी किया है, जहां न्यूनतम तापमान बेहद नीचे पहुंच गया है। वहीं राजधानी रायपुर में 23 जनवरी को होने वाले भारत-न्यूजीलैंड टी-20 मुकाबले को लेकर उत्साह चरम पर है, आज टिकटों को लेकर आधिकारिक ऐलान किया जाएगा। दूसरी ओर, वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ और सेना दिवस के अवसर पर रायपुर के सुभाष स्टेडियम में भव्य आयोजन होगा, जिसमें हजारों युवा सामूहिक गान करेंगे। इधर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर दौरे पर रहेंगे, जहां वे विकास कार्यों के भूमिपूजन, लोकार्पण और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

CG Weather Today: उत्तर छत्तीसगढ़ में शीतलहर का असर, कई जिले अलर्ट पर

छत्तीसगढ़ में ठंड का प्रकोप लगातार बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर छत्तीसगढ़ के कई जिलों में अगले दो दिनों तक कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है। कोरिया, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, सूरजपुर, बलरामपुर, सरगुजा और जशपुर जिलों के कुछ इलाकों में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले 48 घंटों तक न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे ठंड का असर बरकरार रहेगा। हालांकि इसके बाद तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। बीते 24 घंटों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 4.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश का अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में दर्ज हुआ।

Raipur IND-NZ Match: आज होगा टिकट को लेकर बड़ा ऐलान

रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 23 जनवरी को भारत और न्यूजीलैंड के बीच टी20 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच को लेकर आज छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टिकट बिक्री और कीमतों की जानकारी देगा।

यह पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला होगा। रायपुर के अलावा नागपुर, गुवाहाटी, विशाखापट्टनम और तिरुवनंतपुरम में भी मैच खेले जाएंगे। मुकाबले को लेकर छत्तीसगढ़ के क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ पर रायपुर में ऐतिहासिक आयोजन

वंदे मातरम् की 150वीं वर्षगांठ और सेना दिवस के अवसर पर आज राजधानी रायपुर के सुभाष स्टेडियम में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में करीब 20 हजार युवा एक साथ वंदे मातरम् का सामूहिक गान करेंगे। आयोजन का नेतृत्व सांसद बृजमोहन अग्रवाल करेंगे।
इस अवसर पर डाक विभाग की ओर से विशेष पिक्चर पोस्टकार्ड भी जारी किया जाएगा।

CM Vishnu Deo Sai Today Tour: मुख्यमंत्री आज जशपुर दौरे पर

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज अपने गृह जिले जशपुर के दौरे पर रहेंगे। वे बगीचा नगर पंचायत क्षेत्र में निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करेंगे और गौरव पथ के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके अलावा मुख्यमंत्री बगीचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण कर हेल्थ कैंप का निरीक्षण करेंगे।

दौरे के दौरान मुख्यमंत्री मंगल भवन निर्माण कार्यों का जायजा लेंगे, उज्जवला महोत्सव में शामिल होंगे और फरसाबहार में कई विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही अखिल भारतीय आदिवासी कंवर समाज के वार्षिकोत्सव कार्यक्रम में भी शिरकत करेंगे। रात्रि विश्राम बगिया स्थित अपने निजी निवास में करेंगे।

Youthwings