Thailand Train Accident: थाईलैंड में बड़ा रेल हादसा, चलती ट्रेन पर गिरी क्रेन, 22 लोगों की मौत, 30 से अधिक घायल

Thailand Train Accident: थाईलैंड में बुधवार सुबह एक भीषण रेल हादसा हो गया। नाखोन रत्चासिमा प्रांत के सिखियो जिले में हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट पर काम कर रही एक विशाल कंस्ट्रक्शन क्रेन अचानक एक गुजरती पैसेंजर ट्रेन पर गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 22 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 30 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

हादसा उस वक्त हुआ जब बैंकॉक से उबोन रत्चाथानी जा रही पैसेंजर ट्रेन हाई-स्पीड रेल प्रोजेक्ट साइट के पास से गुजर रही थी। क्रेन के ट्रेन पर गिरते ही जोरदार टक्कर हुई, जिससे ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। टक्कर के बाद ट्रेन में कुछ समय के लिए आग भी लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

रॉयटर्स के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बचाव दल बैंकॉक से करीब 230 किलोमीटर उत्तर-पूर्व स्थित घटनास्थल पर मलबे में फंसे यात्रियों को निकालने में जुटे हुए हैं। पुलिस ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन रेस्क्यू ऑपरेशन अभी जारी है।

थाईलैंड के परिवहन मंत्री पिफात रचकिटप्राकन ने बताया कि ट्रेन में कुल 195 यात्री सवार थे। उन्होंने इस हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। स्थानीय मीडिया के मुताबिक, क्रेन हाई-स्पीड रेल परियोजना के निर्माण कार्य के दौरान असंतुलित होकर ट्रेन पर गिर गई।

हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिनमें घटनास्थल पर फैली अफरा-तफरी, क्षतिग्रस्त ट्रेन और राहत कार्य की तस्वीरें देखी जा सकती हैं। यह हादसा थाईलैंड के हालिया वर्षों के सबसे गंभीर रेल हादसों में से एक माना जा रहा है।

Youthwings