Raipur Child Rape Case: 9 साल की बच्ची के साथ 55 साल के अधेड़ ने किया दुष्कर्म, चॉकलेट का लालच देकर 5 दिनों तक की दरिंदगी
Raipur Child Rape Case: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 55 वर्षीय चूड़ी व्यापारी, अब्दुल सज्जाद अंसारी, पर 9 साल की मासूम बच्ची के साथ लगातार 5 दिनों तक दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चॉकलेट का लालच देकर दरिंदगी
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी अब्दुल सज्जाद बच्ची को चॉकलेट और मिठाइयों का लालच देकर अपनी दुकान या सुनसान जगह पर ले जाता था। मासूमियत का फायदा उठाकर आरोपी ने 7 जनवरी से 11 जनवरी के बीच कई बार बच्ची के साथ घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बच्ची को डराया-धमकाया भी था कि यदि उसने किसी को कुछ बताया तो वह उसे जान से मार देगा।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
इस घृणित कृत्य का खुलासा तब हुआ जब 12 जनवरी की सुबह बच्ची नहाते समय दर्द से कराहने लगी। जब उसकी चाची ने दर्द का कारण पूछा, तो बच्ची फूट-फूट कर रोने लगी और ‘चूड़ी वाले अंकल’ की पूरी करतूत बयां कर दी। बच्ची ने बताया कि आरोपी उसे रोज बहला-फुसलाकर ले जाता था।
पुलिस की कार्रवाई और जन आक्रोश
परिजनों की शिकायत के बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर आरोपी अब्दुल सज्जाद अंसारी को हिरासत में ले लिया है। इस घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में भारी रोष देखा गया। कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।
तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और जल्द ही आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा।
