Chhattisgarh Morning News: मकर संक्रांति पर CM साय का बलरामपुर दौरा, तातापानी महोत्सव का शुभारंभ… कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का थाना घेराव… उद्योग मंत्री पेश करेंगे रिपोर्ट कार्ड

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में मकर संक्रांति के अवसर पर आज राजनीतिक, प्रशासनिक और सांस्कृतिक गतिविधियां तेज रहेंगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बुधवार को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे तातापानी महोत्सव में शामिल होंगे। वहीं राजधानी रायपुर में कांग्रेस बिगड़ती कानून व्यवस्था के मुद्दे पर पुलिस थाना का घेराव करेगी। इसके अलावा उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज अपने विभागों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे।

तातापानी महोत्सव में शामिल होंगे CM साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में आयोजित तातापानी महोत्सव का आज शुभारंभ करेंगे। वे तातापानी पहुंचकर सबसे पहले तपेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे और मंदिर परिसर में स्थित विशाल शिव प्रतिमा का अवलोकन करेंगे। मकर संक्रांति के अवसर पर मुख्यमंत्री बच्चों के साथ पतंग उड़ाएंगे और कलश यात्रा में भी शामिल होंगे।

इस दौरान मुख्यमंत्री बलरामपुर-रामानुजगंज जिले को 667 करोड़ रुपये से अधिक की विकास सौगात देंगे। वे 211 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 200 जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। महोत्सव के मंचीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री जनसभा को संबोधित करेंगे और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए योजनाओं के स्टॉल का निरीक्षण भी करेंगे। स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का प्रदर्शन

प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस आज विरोध प्रदर्शन करेगी। चौबे कॉलोनी में युवती वैदिका सागर की नृशंस हत्या के विरोध में कांग्रेस नेता आज़ाद चौक थाना का घेराव करेंगे। दोपहर 12 बजे से आज़ाद चौक थाने के सामने प्रदर्शन शुरू होगा, जिसमें प्रदेश और शहर कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल होंगे।

उद्योग मंत्री पेश करेंगे विभागीय रिपोर्ट कार्ड

उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन आज अपने विभागों की दो साल की उपलब्धियों का रिपोर्ट कार्ड पेश करेंगे। नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री देवांगन औद्योगिक विकास, निवेश और रोजगार से जुड़ी जानकारियां साझा करेंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

राजधानी रायपुर में आज विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और शैक्षणिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। महाकोशल कला परिषद द्वारा महाकोशल आर्ट गैलरी में ‘कैनवास पर पतंग उत्सव’ का आयोजन शाम 6 बजे से किया जाएगा।

रिंग रोड टाटीबंध स्थित श्री अय्यप्पा मंदिर में सुबह 4.30 बजे प्रभात फेरी और 4.45 बजे से विशेष पूजन अनुष्ठान होंगे।

सिविल लाइन स्थित सत्यदर्शन योगाश्रम में शाम 5 से 6 बजे तक योग कक्षा आयोजित की जाएगी।

विकास परिषद द्वारा पीएससी राज्य सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए नूतन स्कूल, टिकरापारा में निःशुल्क कोचिंग कक्षाएं शाम 5 से रात 9 बजे तक चलेंगी।

Youthwings