पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ को दो बार आया बेहोशी का दौरा, AIIMS में भर्ती
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ (74 वर्ष) की सेहत को लेकर एक बार फिर चिंता गहरा गई है। पिछले सप्ताह उन्हें दो बार बेहोशी का सामना करना पड़ा, जिसके बाद सोमवार को उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्वेद विज्ञान संस्थान (AIIMS) में भर्ती कराया गया।
जांच के लिए भर्ती, MRI कराने का निर्णय
जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी को धनखड़ वॉशरूम में दो बार बेहोश हो गए थे। इसके तुरंत बाद उन्हें मेडिकल परीक्षण के लिए AIIMS ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एहतियातन उन्हें भर्ती कर लिया। उनकी स्थिति की वजह जानने के लिए MRI सहित अन्य जांच कराई जा रही हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
डॉक्टरों की निगरानी में उपचार
AIIMS के चिकित्सकों की एक टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर रखे हुए है। डॉक्टरों का कहना है कि बेहोशी के कारणों का पता लगाने के लिए सभी जरूरी परीक्षण किए जा रहे हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की चिकित्सा योजना तय की जाएगी।
पहले भी सामने आई हैं ऐसी घटनाएं
गौरतलब है कि उपराष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी जगदीप धनखड़ को कई बार अस्वस्थता का सामना करना पड़ा था। कच्छ के रण, उत्तराखंड के नैनीताल, केरल और दिल्ली में सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान उनकी तबीयत बिगड़ने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं।
मार्च 2025 में भी भर्ती
इसके अलावा मार्च 2025 में भी सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया था। उस समय भी डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिनों तक निगरानी में रखा था।
read more : Grok AI: Deepfake अश्लील तस्वीरों के आरोपों में घिरा, इंडोनेशिया और मलेशिया ने लगाया बैन
