Indore Contaminated Water Case Update: इंदौर में दूषित पानी से मौतों का सिलसिला जारी, एक दिन में दो और लोगों की जान गई
Indore Contaminated Water Case Update: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी पीने से हो रही मौतों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को एक ही दिन में दो और लोगों की मौत हो गई, जिससे इस त्रासदी में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। लगातार बढ़ते आंकड़ों ने पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बना दिया है।
मृतकों की पहचान 59 वर्षीय कमलाबाई और 64 वर्षीय भगवान दास के रूप में हुई है। दोनों पिछले 10 दिनों से अस्पताल में भर्ती थे और इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद बिगड़ी हालत
जानकारी के अनुसार, दूषित पानी पीने के बाद दोनों मृतकों को लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत हुई थी। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान सोमवार को उनकी मौत हो गई।
इस जहरीले पानी के कारण अब तक 23 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि हजारों लोग बीमार बताए जा रहे हैं और उनका इलाज जारी है।
मुख्यमंत्री ने की आर्थिक सहायता की घोषणा
इस गंभीर मामले को देखते हुए प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को ₹2 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। प्रशासन की ओर से जल आपूर्ति की जांच और प्रभावित इलाकों में वैकल्पिक व्यवस्था के प्रयास किए जा रहे हैं।
भागीरथपुरा क्षेत्र में लगातार सामने आ रही मौतों से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है।
