पंजाब AAP सरपंच हत्याकांड: रायपुर से दो शूटर गिरफ्तार, अमृतसर में शादी समारोह में की गई थी सरेआम हत्या
रायपुर। पंजाब के अमृतसर जिले में आम आदमी पार्टी (AAP) से जुड़े सरपंच जरमल सिंह की शादी समारोह के दौरान सरेआम गोली मारकर हत्या के सनसनीखेज मामले में पंजाब पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्या के मुख्य आरोपित दो शूटरों सुखराज और कर्मवीर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद पंजाब से फरार होकर रायपुर के राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट में छिपे हुए थे। पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर संयुक्त छापेमारी कर उन्हें पकड़ा।
फिलहाल, दोनों को रायपुर कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर अमृतसर ले जाया जा रहा है, जहां से आगे की पूछताछ होगी।
शादी के दौरान खाना खाते समय पीछे से मारी गई गोली
यह वारदात 4 जनवरी 2026 को अमृतसर के मैरी गोल्ड रिजॉर्ट (मैरिज पैलेस) में हुई थी। तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह लड़की पक्ष की ओर से शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। खाना खाते समय दो बदमाश बेखौफ होकर उनके पास पहुंचे और पीछे से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच टेबल पर ही गिर पड़े। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मैरिज पैलेस के सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद हो गई है। वीडियो में साफ दिखता है कि दोनों हमलावर बिना मुंह ढके धीरे-धीरे सरपंच के पास आते हैं, पिस्टल निकालते हैं और आगे वाला आरोपी खाना खा रहे सरपंच के सिर में पीछे से गोली मार देता है। इसके बाद दोनों फरार हो जाते हैं।
पहले भी तीन बार हो चुके थे हमले
पुलिस जांच में पता चला है कि सरपंच जरमल सिंह पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके थे, लेकिन वे हर बार बच गए। इस बार हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले शादी समारोह में बिना किसी डर के वारदात को अंजाम दिया।
सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी का दावा
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें डोली बल, प्रभ दासुवाल, अफ्रीदी तूत, मोहब्बत रंधावा, अमर खब्बे और पवन शौकीन जैसे नामों ने इस हत्या की जिम्मेदारी ली। पोस्ट में पहले के हमलों का भी जिक्र था। पुलिस इन दावों की सत्यता की जांच कर रही है और मामला गैंगस्टर वसूली से जुड़ा होने की आशंका जता रही है।
