Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में सियासी हलचल, CM साय का जनदर्शन, गोवा रवाना होंगे, सचिन पायलट का दौरा
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन राजनीतिक, प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियों से भरा रहेगा। मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का गोवा दौरा, कांग्रेस नेता सचिन पायलट का छत्तीसगढ़ आगमन, नगर निगम MIC की अहम बैठक सहित कई बड़े कार्यक्रम आज आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा स्वास्थ्य शिविर, धार्मिक आयोजन, योग कक्षा, निःशुल्क कोचिंग और राज्य स्तरीय प्रदर्शनी से जुड़ी गतिविधियां भी शहर में होंगी।
मुख्यमंत्री निवास में आज जनदर्शन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज दोपहर 12 बजे मुख्यमंत्री निवास में जनदर्शन कार्यक्रम में आम जनता से सीधे संवाद करेंगे। इस दौरान विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा सके।
आज दो दिवसीय गोवा दौरे पर रवाना होंगे CM साय
जनदर्शन के बाद मुख्यमंत्री साय शाम करीब 6 बजे दो दिवसीय गोवा दौरे के लिए रवाना होंगे। वे गोवा में आयोजित आदि लोकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे, जिसका आयोजन कल सुबह 11 बजे किया जाएगा।
सचिन पायलट आज छत्तीसगढ़ दौरे पर
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट आज रायपुर पहुंचेंगे। वे दोपहर 12:20 बजे रायपुर एयरपोर्ट आएंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजे प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक करेंगे। दोपहर 2 बजे नव-नियुक्त जिला अध्यक्षों से चर्चा होगी। बैठकों में मनरेगा बचाओ संग्राम आंदोलन की रणनीति पर मंथन किया जाएगा। सचिन पायलट शाम 5:55 बजे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
नगर निगम MIC की बैठक आज शाम
रायपुर नगर निगम की MIC बैठक आज शाम 5 बजे महापौर मीनल चौबे की अध्यक्षता में होगी। बैठक में शहर की स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति, ड्रेनेज व्यवस्था और विकास कार्यों की समीक्षा की जाएगी। साथ ही स्वच्छता सर्वेक्षण 2026 को लेकर रणनीति बनाई जाएगी।
शासकीय कर्मचारियों के लिए स्वास्थ्य शिविर और रक्तदान
छत्तीसगढ़ डिप्लोमा इंजीनियर एसोसिएशन, बेटर भारत फाउंडेशन और ASG आई हॉस्पिटल के सहयोग से शासकीय अधिकारी-कर्मचारियों के लिए दो दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण और स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है।
8 जनवरी: सिहावा भवन, सिविल लाइन
9 जनवरी: सिरपुर भवन, आकाशवाणी चौक
समय: सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक
धार्मिक व सामाजिक आयोजन
गुढ़ियारी स्थित अवधपुरी मैदान में संत चिन्मयानंद बापूजी के श्रीमुख से शाम 4 से 7 बजे तक भागवत कथा होगी। वहीं सिलतरा स्थित श्रीपशुपतिनाथ मंदिर परिसर में आचार्य राहुल महाराज की भागवत कथा दोपहर 1 से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
योग क्लास और निःशुल्क कोचिंग
सिविल लाइन के सत्यदर्शन योगाश्रम में शाम 5 से 6 बजे तक योग कक्षा होगी।
टिकरापारा स्थित नूतन स्कूल में PSC परीक्षा की तैयारी के लिए शाम 5 से रात 9 बजे तक निःशुल्क कोचिंग दी जाएगी।
राज्य स्तरीय फल-फूल-सब्जी प्रदर्शनी कल से
राज्य स्तरीय फल, फूल और सब्जी प्रदर्शनी 9 से 11 जनवरी तक आयोजित होगी। उद्घाटन राज्यपाल रमेन डेका करेंगे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री रामविचार नेताम करेंगे।
लेखा प्रशिक्षण के लिए आवेदन
मार्च से जून 2026 तक आयोजित लेखा प्रशिक्षण सत्र के लिए 31 जनवरी तक आवेदन मांगे गए हैं। तीन वर्ष की सेवा पूरी कर चुके लिपिक वर्गीय कर्मचारी आवेदन कर सकते हैं।
