बीजापुर में सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई, मुठभेड़ में 12 नक्सली ढेर, AK-47 और INSAS बरामद
बीजापुर में बड़ी मुठभेड़
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले से सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता की खबर सामने आई है। जिले के दक्षिण क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान DRG जवानों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ हुई है।
कोन्टा-किस्टाराम जंगल में जारी मुठभेड़
जानकारी के अनुसार, कोन्टा-किस्टाराम के जंगलों में नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच जबरदस्त फायरिंग हुई। इस मुठभेड़ में अब तक 12 नक्सलियों को मार गिराने की पुष्टि हुई है। मारे गए नक्सलियों में कोन्टा एरिया कमेटी के तीन सक्रिय सदस्य भी शामिल बताए जा रहे हैं।
ऑटोमैटिक हथियार बरामद
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने AK-47 और INSAS जैसे ऑटोमैटिक हथियार भी बरामद किए हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि नक्सली भारी हथियारों से लैस थे।
एसपी किरण चव्हाण कर रहे मॉनिटरिंग
इस पूरे ऑपरेशन की सुकमा DRG के जवानों द्वारा अगुवाई की जा रही है। मौके पर मौजूद एसपी किरण चव्हाण स्वयं ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं और लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
सर्च अभियान जारी, इलाका घेराबंदी में
मिली जानकारी के अनुसार, नक्सल विरोधी अभियान के तहत जवान इलाके में सर्चिंग कर रहे थे, तभी नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने मोर्चा संभालते हुए माओवादियों को ढेर कर दिया।
फिलहाल, पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान जारी है और सुरक्षा बल पूरी सतर्कता के साथ आगे की कार्रवाई में जुटे हुए हैं।
