Tamnar Violence: रायगढ़ में महिला पुलिसकर्मी से बर्बरता, कपड़े फाड़कर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, वीडियो वायरल

Tamnar Violence: रायगढ़ जिले के तमनार क्षेत्र से एक बेहद शर्मनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। हिंसक झड़प के दौरान कुछ उपद्रवियों ने महिला पुलिसकर्मी के साथ बेरहमी से मारपीट की, उसके कपड़े फाड़े और उसे दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि महिला पुलिसकर्मी अपनी जान बचाने के लिए उपद्रवियों के सामने हाथ-पैर जोड़ती रही, लेकिन हमलावरों पर इसका कोई असर नहीं हुआ। किसी तरह महिला आरक्षक वहां से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रही। पीड़ित महिला पुलिसकर्मी तमनार थाना में पदस्थ बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह वीडियो 27 दिसंबर का है, जो करीब तीन दिन बाद सामने आया है।

पुलिस ने दर्ज किया मामला

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 67A एलसीजी और बीएनएस की धारा 109(1), 115(2), 132, 221, 296, 309 और 351 के तहत मामला दर्ज किया है। हालांकि, हैरानी की बात यह है कि मामले पर पुलिस अधिकारी खुलकर बयान देने से बचते नजर आ रहे हैं। जिले के एसपी ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया है।

राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज

इस घटना को लेकर कांग्रेस ने कड़ी निंदा की है। जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। जब महिला पुलिसकर्मी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिकों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। कांग्रेस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए गृह मंत्री से जवाब मांगा है।

वहीं भाजपा ने भी इस घटना को शर्मनाक और निंदनीय बताया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन करना नागरिकों का अधिकार है, लेकिन महिला पुलिसकर्मी के साथ इस तरह की हिंसा किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

Youthwings