Vijay Hazare Trophy: रोहित-विराट की धमाकेदार वापसी, शतक के साथ हो रही तगड़ी कमाई

Vijay Hazare Trophy: विजय हजारे ट्रॉफी में एक बार फिर भारतीय क्रिकेट के दो सबसे बड़े नाम—रोहित शर्मा और विराट कोहली—घरेलू क्रिकेट में चमक बिखेरते नजर आ रहे हैं। रोहित मुंबई की ओर से जबकि विराट दिल्ली की टीम से खेल रहे हैं। दोनों खिलाड़ी बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हैं, लेकिन इसके बावजूद विजय हजारे ट्रॉफी से भी उनकी अच्छी-खासी कमाई हो रही है।

टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेकर अब सिर्फ वनडे फॉर्मेट पर ध्यान दे रहे रोहित और विराट कई सालों बाद इस घरेलू एकदिवसीय टूर्नामेंट में खेलते नजर आए हैं। दोनों दिग्गजों की मौजूदगी से टूर्नामेंट का रोमांच चरम पर पहुंच गया है। खास बात यह रही कि दोनों ने अपने पहले मुकाबले में शानदार शतक जड़कर फैंस को इस टूर्नामेंट पर नजरें टिकाए रखने को मजबूर कर दिया।

मैचों की संख्या से तय होती है विजय हजारे की सैलरी

विजय हजारे ट्रॉफी में खिलाड़ियों की सैलरी का निर्धारण उनके द्वारा खेले गए लिस्ट-ए (घरेलू एकदिवसीय) मैचों की संख्या के आधार पर किया जाता है। इसी आधार पर खिलाड़ियों को अलग-अलग कैटेगरी में रखा जाता है।

सीनियर कैटेगरी (40 से अधिक लिस्ट-ए मैच)

प्लेइंग इलेवन: 60,000 रुपये प्रति मैच

रिजर्व खिलाड़ी: 30,000 रुपये प्रति मैच

मिड-लेवल कैटेगरी (21 से 40 लिस्ट-ए मैच)

प्लेइंग इलेवन: 50,000 रुपये प्रति मैच

रिजर्व खिलाड़ी: 25,000 रुपये प्रति मैच

जूनियर कैटेगरी (0 से 20 लिस्ट-ए मैच)

प्लेइंग इलेवन: 40,000 रुपये प्रति मैच

रिजर्व खिलाड़ी: 20,000 रुपये प्रति मैच

रोहित शर्मा और विराट कोहली दोनों ही 40 से ज्यादा लिस्ट-ए मैच खेल चुके हैं, ऐसे में वे सीनियर कैटेगरी में आते हैं और उन्हें विजय हजारे ट्रॉफी में 60 हजार रुपये प्रति मैच की फीस मिल रही है। इसके अलावा बीसीसीआई की ओर से दोनों खिलाड़ियों को प्रति वनडे मैच 6 लाख रुपये का भुगतान किया जाता है।

मैच फीस के अलावा भी होती है कमाई

विजय हजारे ट्रॉफी में खिलाड़ियों की कमाई सिर्फ मैच फीस तक सीमित नहीं रहती। टूर्नामेंट के दौरान यात्रा, भोजन और आवास के लिए अलग-अलग भत्ते दिए जाते हैं। वहीं मैन ऑफ द मैच बनने वाले खिलाड़ी को आमतौर पर 10 हजार रुपये नकद इनाम मिलता है। इसके अलावा नॉकआउट और फाइनल तक पहुंचने वाली टीमों को मिलने वाली प्राइज मनी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाती है।

मैदान पर भी दिखा स्टार खिलाड़ियों का जलवा

टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में मुंबई का सामना सिक्किम से हुआ, जहां रोहित शर्मा ने 155 रनों की तूफानी पारी खेली। हालांकि इसके बाद उत्तराखंड के खिलाफ उनका बल्ला खामोश रहा और वे खाता भी नहीं खोल सके।

वहीं दिल्ली की ओर से खेलते हुए विराट कोहली ने आंध्रा के खिलाफ 131 रन की शानदार पारी खेली, जबकि गुजरात के खिलाफ उन्होंने 77 रन बनाए।

रोहित और विराट की इस धमाकेदार वापसी ने साफ कर दिया है कि घरेलू क्रिकेट में भी उनका जलवा बरकरार है।

Youthwings