Chhattisgarh Morning News: CM साय सुनेंगे ‘मन की बात’, कांग्रेस स्थापना दिवस पर ध्वजारोहण, धान खरीदी 60.88 लाख मीट्रिक टन पार

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय रविवार को रायपुर, बेमेतरा और जशपुर जिले के कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होंगे। सुबह 11 बजे वे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सुनेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री बेमेतरा जिले के नवागढ़ में आयोजित गुरु घासीदास जयंती समारोह में शामिल होंगे।

शाम 4:20 बजे सीएम साय जशपुर जिले के ग्राम पमशाला कंवरधाम (तपकरा) में आयोजित सरगुजा संभागीय पेंशनर सम्मेलन में शिरकत करेंगे। इसके साथ ही वे जशपुर के ग्राम फरसाबहार में पोषण पुनर्वास केंद्र का उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री रात्रि विश्राम अपने निज निवास ग्राम बगिया में करेंगे।

कांग्रेस स्थापना दिवस पर राजीव भवन में ध्वजारोहण

भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के स्थापना दिवस के अवसर पर रविवार को रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय राजीव भवन में ध्वजारोहण किया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद संगोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे।

नए साल पर भोरमदेव कॉरिडोर की सौगात

छत्तीसगढ़वासियों को नए साल पर भोरमदेव कॉरिडोर की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। एक जनवरी को केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस परियोजना का भूमिपूजन करेंगे। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी मौजूद रहेंगे। इस कॉरिडोर के तहत भोरमदेव मंदिर से मड़वा महल, छेरकी महल, रामचुवा और सरोदा जलाशय तक पर्यटन विकास किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 146 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

प्रदेश में धान खरीदी 60.88 लाख मीट्रिक टन के पार

राज्य में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान लगातार जारी है। 14 नवंबर से शुरू हुई धान खरीदी के तहत 26 दिसंबर तक 60 लाख 87 हजार 547 मीट्रिक टन धान की खरीदी हो चुकी है। अब तक 11 लाख 51 हजार 355 किसानों ने धान विक्रय किया है। मार्कफेड द्वारा किसानों को भुगतान के लिए 13 हजार 615 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं। इस वर्ष कुल 27 लाख 43 हजार 444 किसानों ने पंजीयन कराया है।

वन महोत्सव में शामिल होंगे केंद्रीय मंत्री तोखन साहू

बिलासपुर। अधिवक्ताओं का वन भ्रमण, वन भोज और आठवां वन महोत्सव 28 दिसंबर रविवार को शिवतराई स्थित जंगल मितान परिसर, अचानकमार में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। आयोजन में कई जनप्रतिनिधि, संत और वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहेंगे।

सकरी (जावा) में गुरु घासीदास जयंती समारोह

आरंग/चंदखुरी। ग्राम सकरी (जावा) में परम पूज्य बाबा गुरु घासीदास जी की 269वीं जयंती श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब होंगे। समारोह की शुरुआत शाम 4 बजे पंथी पार्टी की प्रस्तुति से होगी, जबकि रात में छत्तीसगढ़ी नाचा पार्टी की प्रस्तुति आकर्षण का केंद्र रहेगी।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

रविवार को राजधानी रायपुर में महिला योग शक्ति दिवस, 51 कुंडीय गायत्री महायज्ञ, रजत ध्वजा सह त्रिहानिका महोत्सव, निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, भागवत पुराण ज्ञान यज्ञ और सूर्योपासना महापर्व जैसे कई धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Youthwings