Chhattisgarh Coal Mine Protest: कोयला खदान विवाद ने लिया हिंसक रूप, रायगढ़ में भड़का जनआक्रोश
Chhattisgarh Coal Mine Protest: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में जिंदल कोयला खदान के खिलाफ चल रहा ग्रामीणों का आंदोलन शनिवार को अचानक हिंसक हो गया। तमनार क्षेत्र में प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिसमें तमनार थाना प्रभारी (TI) कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उग्र प्रदर्शन के दौरान आंदोलनकारियों ने मौके पर खड़ी एक बस और एक कार में आग लगा दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी स्वयं मौके के लिए रवाना हुए और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पूरे इलाके में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
गिरफ्तारी के बाद भड़की हिंसा
जानकारी के अनुसार, 8 दिसंबर को जिंदल कोयला खदान से जुड़ी कथित नियमविरुद्ध जनसुनवाई के विरोध में ग्रामीण तमनार सीएचपी चौक पर कई दिनों से धरना दे रहे थे। बीती रात से ग्रामीणों ने दूसरी कोयला खदानों से निकलने वाले कोयले से लदे ट्रकों को रोकना शुरू कर दिया था।
शनिवार दोपहर पुलिस ने कुछ ग्रामीणों को हिरासत में लिया, जिसके बाद प्रदर्शनकारी भड़क गए और पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे।
पुलिस और ग्रामीणों के बीच हाथापाई
जब पुलिस ने कोयला ट्रकों को आगे बढ़ने देने की कोशिश की तो ग्रामीणों का गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद पुलिस और ग्रामीणों के बीच तीखी बहस के साथ हाथापाई शुरू हो गई। दोपहर करीब 2 बजे स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई और प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ व आगजनी की।
टीआई कमला पुसाम गंभीर रूप से घायल
हिंसा के दौरान प्रदर्शनकारियों के हमले में टीआई कमला पुसाम को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल अतिरिक्त बल बुलाया। पुलिस ने सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम शर्मा सहित सैकड़ों ग्रामीणों को गिरफ्तार कर लिया है। आसपास के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया जा रहा है ताकि हालात पर पूरी तरह काबू पाया जा सके।
