Chhattisgarh Morning News: CM साय का आज राजनांदगांव दौरा, विशेष ग्रामसभाओं में ‘विकसित भारत जी-राम-जी’ की जानकारी, मनरेगा बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का अभियान
Chhattisgarh Morning News
Chhattisgarh Morning News: छत्तीसगढ़ में आज का दिन प्रशासनिक, राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों के लिहाज से अहम रहने वाला है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का राजनांदगांव दौरा, प्रदेशभर में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन, मनरेगा कानून में बदलाव को लेकर कांग्रेस का जागरूकता अभियान और पुलिस जांच को लेकर मुस्लिम समाज का विरोध—इन सभी मुद्दों पर नजरें टिकी रहेंगी।
CM साय का आज राजनांदगांव दौरा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शुक्रवार को संस्कारधानी राजनांदगांव जिले के दौरे पर रहेंगे। वे दोपहर 12 बजे रायपुर से रवाना होकर गोड़लवाही में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्रवासियों को विभिन्न विकास कार्यों की सौगात देंगे और शहीद गैंद सिंह की प्रतिमा का अनावरण भी करेंगे। शाम करीब 4 बजे मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे और इसके बाद राजधानी में आयोजित अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।
CM हाउस में वीर बाल दिवस कार्यक्रम
शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास में वीर बाल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 7.30 बजे निर्धारित है। इसके बाद मुख्यमंत्री करीब 8.30 बजे स्टेशन रोड स्थित गुरुद्वारा पहुंचकर वहां आयोजित कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
मनरेगा बदलाव के खिलाफ कांग्रेस का जागरूकता अभियान
मनरेगा कानून में प्रस्तावित बदलाव और ‘विकसित भारत जी-राम-जी’ अधिनियम को लेकर कांग्रेस ने प्रदेशव्यापी जागरूकता अभियान चलाने का ऐलान किया है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं द्वारा सभी ग्राम पंचायतों में ग्रामसभाओं के दौरान ग्रामीणों से संवाद किया जाएगा। पार्टी का आरोप है कि केंद्र सरकार ग्रामसभाओं के माध्यम से ग्रामीणों और मजदूरों को गुमराह कर रही है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष दीपक बैज ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए हैं कि वे ग्रामसभाओं में सक्रिय रूप से भाग लें और मनरेगा में बदलाव से होने वाले नुकसान को जनता के सामने रखें। कांग्रेस का दावा है कि नए कानून से ग्रामीण रोजगार की गारंटी कमजोर होगी और इसका सीधा असर मजदूरों और गरीब परिवारों की आजीविका पर पड़ेगा।
जनप्रतिनिधियों और संगठनों को दिए गए निर्देश
पीसीसी ने जिला, शहर, ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों और प्रकोष्ठों को निर्देश जारी किए हैं। पार्टी ने निर्वाचित जनप्रतिनिधियों और अग्रिम संगठनों से ग्रामसभाओं में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने को कहा है।
पुलिस जांच के तरीके पर आपत्ति, मुस्लिम समाज का धरना
रायपुर में हाल ही में पुलिस द्वारा विदेशी कॉल्स और एमओआई (MOI) ऐप से जुड़ी जांच को लेकर मुस्लिम समाज ने आपत्ति जताई है। आरोप है कि पुलिस ने शहर के अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों और व्यापारियों को बिना पूर्व सूचना पुलिस लाइन बुलाकर पूरे दिन बैठाए रखा। मुस्लिम समाज ने इस कार्रवाई को अपमानजनक बताते हुए आज धरना प्रदर्शन का ऐलान किया है।
तीन सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल को सौंपेंगे ज्ञापन
धरना प्रदर्शन के बाद मुस्लिम समाज द्वारा शांतिपूर्ण जुलूस निकालकर राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। समाज का दावा है कि इस प्रदर्शन में विभिन्न वर्गों के लोग शामिल होंगे।
‘विकसित भारत जी-राम-जी’ के लिए आज विशेष ग्रामसभाएं
केंद्र सरकार द्वारा ‘विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण’, जिसे संक्षेप में ‘विकसित भारत जी-राम-जी 2025’ कहा जा रहा है, को लेकर आज प्रदेश के सभी गांवों और ग्राम पंचायत मुख्यालयों में विशेष ग्रामसभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्रामसभाओं में ग्रामीणों को नए अधिनियम के प्रावधानों और संभावित लाभों की जानकारी दी जाएगी।
रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम
रजत ध्वजा सह त्रिहानिका महोत्सव
- संस्थान: कुंथुनाथ जिनालय
- स्थान: फाफाडीह
- समय: सुबह 6.30 बजे से
श्रीमद् भागवत कथा
- आयोजक: राठौड़ परिवार
- स्थान: मारुति मंगलम भवन
- समय: दोपहर 2 बजे से
