CRMC प्रोत्साहन राशि पर आदेश जारी, स्वास्थ्य मंत्री के हस्तक्षेप से डॉक्टरों का OPD बहिष्कार समाप्त…
CRMC
नारायणपुर। छत्तीसगढ़ रूरल मेडिकल कोर (CRMC) की प्रोत्साहन राशि के भुगतान को लेकर बीते सात दिनों से जारी डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों का OPD बहिष्कार समाप्त हो गया है। भुगतान आदेश जारी होने के बाद नारायणपुर जिले के चिकित्सकों ने आंदोलन स्थगित करने की घोषणा की।
बजट स्वीकृति के बाद जारी हुआ भुगतान आदेश
जानकारी के अनुसार, ROP 2025–26 के तहत 17 दिसंबर को बजट स्वीकृति दी गई थी। इसके बाद 19 दिसंबर को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अपर संचालक द्वारा सभी जिलों के CMHO को CRMC भुगतान के आदेश जारी किए गए। आदेश मिलने के बाद जिले में चल रहा आंदोलन खत्म कर दिया गया।
सभी स्वास्थ्य संस्थानों में रहा असर
इस आंदोलन में जिला अस्पताल नारायणपुर के साथ-साथ सामुदायिक, प्राथमिक और उपस्वास्थ्य केंद्रों में कार्यरत डॉक्टर, स्टाफ नर्स, RMA और ANM शामिल रहे।
12 माह से लंबित CRMC प्रोत्साहन राशि के विरोध में OPD सेवाएँ बंद रखी गई थीं, हालांकि आंदोलन पूरी तरह शांतिपूर्ण और अनुशासित रहा।
आपात सेवाएँ रहीं चालू
स्वास्थ्यकर्मियों ने स्पष्ट किया कि आंदोलन के दौरान मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आपातकालीन सेवाएँ लगातार चालू रखी गईं। डॉक्टरों ने इसे पूरे बस्तर संभाग के स्वास्थ्यकर्मियों की एकजुटता की जीत बताया।
समर्थन के लिए जताया आभार
डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने भुगतान आदेश जारी कराने में पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल का आभार जताया। साथ ही विभिन्न जनप्रतिनिधियों, चिकित्सक संगठनों और मीडिया के सहयोग के लिए भी धन्यवाद व्यक्त किया गया।
शेष राशि को लेकर चेतावनी बरकरार
हालांकि, डॉक्टरों ने यह भी कहा कि मौजूदा बजट से केवल लगभग छह माह की राशि का भुगतान संभव है, जबकि 12 माह की CRMC राशि अभी भी बकाया है। यदि शेष भुगतान के लिए शीघ्र बजट प्रावधान नहीं हुआ, तो 27 जनवरी 2026 से दोबारा आंदोलन शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
