रायपुर में रिहायशी इलाकों तक पहुंचा सूखा नशा, फ्लैट के अंदर ड्रग्स लेते युवक-युवती का वीडियो वायरल
रायपुर में सूखे नशे का नेटवर्क
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में सूखे नशे का कारोबार लगातार पैर पसारता जा रहा है। पुलिस द्वारा की जा रही कार्रवाई के बावजूद ड्रग्स का नेटवर्क अब रिहायशी इलाकों और फ्लैटों तक पहुंच चुका है। इसका ताजा खुलासा सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो से हुआ है।
वायरल वीडियो से हुआ बड़ा खुलासा
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में एक युवक और एक युवती को नोट की मदद से ड्रग्स की लाइन बनाकर नशा करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो सामने आते ही राजधानी में चल रहे सूखे नशे के कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
अमलीडीह कॉलोनी के फ्लैट का बताया जा रहा वीडियो
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो रायपुर के अमलीडीह कॉलोनी इलाके में स्थित एक फ्लैट के अंदर का बताया जा रहा है। वीडियो के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
पर्सनल ग्राहकों तक सीमित हो रही सप्लाई
सूत्रों का कहना है कि ड्रग्स पैडलर्स अब खुले तौर पर बिक्री करने की बजाय चुनिंदा और पर्सनल ग्राहकों को चोरी-छिपे नशे की सप्लाई कर रहे हैं, ताकि पुलिस की पकड़ से बचा जा सके। इसके लिए फ्लैट, होटल और किराए के मकानों को सुरक्षित ठिकानों के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
79 ड्रग्स पैडलर्स जा चुके हैं जेल
गौरतलब है कि रायपुर पुलिस अब तक सूखे नशे के मामलों में करीब 79 ड्रग्स पैडलर्स को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बावजूद नशे का नेटवर्क पूरी तरह समाप्त नहीं हो पाया है।
पुलिस जांच में जुटी
वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। वीडियो की सत्यता, लोकेशन और उसमें नजर आ रहे युवक-युवती की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
