9 साल बाद ‘भाभी जी घर पर हैं’ में शिल्पा शिंदे की वापसी, बोलीं– अब सब कुछ ठीक है

टीवी की मशहूर एक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने करीब 9 साल बाद लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘भाभी जी घर पर हैं’ में शानदार वापसी कर ली है। शो के नए 2.0 वर्जन में इस बार कॉमेडी के साथ हॉरर और सस्पेंस का तड़का लगाया गया है, जिसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।

शो में दोबारा शामिल होने पर शिल्पा शिंदे ने एक इंटरव्यू में कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि वे इस शो में लौटेंगी। उन्होंने बताया कि मेकर्स के साथ पुराना विवाद अब पूरी तरह खत्म हो चुका है और रिश्ते फिर से बेहतर हो गए हैं।
शिल्पा ने कहा, “कई साल बीत गए हैं, बहुत सारी चीजें अब ठीक हो चुकी हैं। मैं अपने काम में खुश हूं और अब सबके साथ रिश्ते भी अच्छे हैं।”

काम को लेकर क्या बोलीं शिल्पा शिंदे

शिल्पा शिंदे ने साफ कहा कि वे केवल क्वॉलिटी काम में ही यकीन रखती हैं। उन्होंने बताया कि उन्हें कई ऐसे ऑफर मिलते हैं, जिन्हें वे करना पसंद नहीं करतीं।
उनका कहना है कि, “काम करना है तो अच्छा काम करो। फालतू काम से बेहतर है घर बैठना। मेरे लिए क्वॉलिटी सबसे ज्यादा मायने रखती है।”

हॉरर और सस्पेंस से भरा होगा शो

शो के नए सीजन में दर्शकों को इस बार डर और सस्पेंस से भरी कहानी देखने को मिलेगी। प्रोमो के मुताबिक शिल्पा शिंदे की एंट्री फिल्म ‘स्त्री’ के अंदाज में होगी। मेकर्स ने इस बार कहानी में ज्यादा ट्विस्ट, मिस्ट्री और कॉमेडी डालने की कोशिश की है।

9 साल बाद शिल्पा शिंदे को एक बार फिर अंगूरी भाभी के किरदार में देखकर फैंस बेहद खुश और उत्साहित नजर आ रहे हैं।

Youthwings