भारत-ओमान के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट, पीएम मोदी को मिला ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ सम्मान

भारत-ओमान

भारत-ओमान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार, 18 दिसंबर 2025, को ओमान के सुल्तान हसीम बिन तारिक अल सईद से मुलाकात कर द्विपक्षीय संबंधों पर व्यापक चर्चा की। इस अहम बैठक के दौरान भारत और ओमान के बीच फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (FTA) पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।

इस अवसर पर ओमान सरकार ने भारत-ओमान संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मानों में से एक ‘ऑर्डर ऑफ ओमान’ से सम्मानित किया।

भारत-ओमान FTA से भारत को क्या लाभ?

इस मुक्त व्यापार समझौते से भारत के श्रम-प्रधान क्षेत्रों को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। वस्त्र, चमड़ा, जूते, रत्न-आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, प्लास्टिक, फर्नीचर, कृषि उत्पाद, दवाइयां, मेडिकल डिवाइस और ऑटोमोबाइल जैसे क्षेत्रों के निर्यात को नई गति मिलेगी।

इससे न केवल रोजगार सृजन होगा, बल्कि MSME, महिला-नेतृत्व वाले उद्यमों और कारीगरों को भी अंतरराष्ट्रीय बाजार में मजबूती मिलेगी। यह पिछले छह महीनों में भारत द्वारा किया गया दूसरा फ्री ट्रेड एग्रीमेंट है।

खाड़ी देशों में भारत की मजबूत रणनीति

भारत पहले ही संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के साथ मई 2022 में फ्री ट्रेड समझौता लागू कर चुका है। यूएई के अलावा खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) में बहरीन, कुवैत, सऊदी अरब और कतर शामिल हैं।

भारत और कतर के बीच भी जल्द ही व्यापार समझौते को लेकर बातचीत शुरू होने की संभावना है। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-ओमान का द्विपक्षीय व्यापार लगभग 10.5 अरब अमेरिकी डॉलर रहा, जिसमें निर्यात 4 अरब डॉलर और आयात 6.54 अरब डॉलर रहा।

read more :  जंगल से मुख्यधारा की ओर कदम, सुकमा में 75 आत्मसमर्पित माओवादियों को 5G स्मार्टफोन, 25 युवाओं को रोजगार किट

ओमान के साथ आयात-निर्यात का स्वरूप

भारत ओमान से मुख्य रूप से पेट्रोलियम उत्पाद और यूरिया का आयात करता है, जो कुल आयात का 70 प्रतिशत से अधिक है। इसके अलावा प्रोपलीन, एथिलीन पॉलिमर, पेट कोक, जिप्सम, रसायन, लोहा-इस्पात और अपरिष्कृत एल्युमीनियम भी शामिल हैं।

वहीं भारत ओमान को खनिज ईंधन, रसायन, बहुमूल्य धातुएं, लोहा-इस्पात, अनाज, जहाज, इलेक्ट्रिकल मशीनरी, बॉयलर, चाय, कॉफी, मसाले, वस्त्र और खाद्य उत्पाद निर्यात करता है।

‘भारत के लिए खुलेंगे चार बड़े वैश्विक बाजार’

केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-ओमान FTA से टेक्सटाइल, फूड प्रोसेसिंग, ऑटोमोबाइल, ज्वेलरी, एग्रोकेमिकल, रिन्यूएबल एनर्जी और ऑटो कंपोनेंट्स सेक्टर में नए अवसर पैदा होंगे।

भारत-ओमान बिजनेस फोरम को संबोधित करते हुए उन्होंने ओमान को GCC, पूर्वी यूरोप, मध्य एशिया और अफ्रीका के लिए एक रणनीतिक प्रवेश द्वार बताया, जिससे भारतीय कंपनियों को वैश्विक बाजारों तक बेहतर पहुंच मिलेगी।

 

Youthwings