Bijapur Naxal News: बीजापुर में IED विस्फोट, CRPF के दो जवान घायल
Bijapur Naxal News: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंग (IED) के विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के दो जवान घायल हो गए। यह घटना रविवार को फरसेगढ़-पिल्लूर कांडलापरती क्षेत्र में हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में नक्सलियों की सक्रियता की सूचना मिलने पर जिला रिजर्व गार्ड (DRG), एसटीएफ और CRPF के कोबरा बटालियन के जवानों की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा लगाए गए IED में अचानक विस्फोट हो गया, जिसमें कोबरा बटालियन के दो जवान मामूली रूप से घायल हो गए।
घायल जवानों को तुरंत सुरक्षित निकालकर बेहतर उपचार के लिए रायपुर भेजा गया। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जवान खतरे से बाहर हैं और उनकी हालत स्थिर है।
बीजापुर समेत बस्तर संभाग के सात जिलों में नक्सल अक्सर सुरक्षाबलों को निशाना बनाने के लिए सड़क, पगडंडी और जंगलों में बारूदी सुरंग लगाते हैं। इससे पहले भी कई बार सुरक्षाबल और आम लोग इन विस्फोटों का शिकार हो चुके हैं।
