रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा QR कोड आधारित नया पहचान पत्र, देशभर में होगी एकसमान व्यवस्था
रेलवे कर्मचारियों को मिलेगा QR कोड आधारित नया पहचान पत्र
रेलवे कर्मचारियों और संविदा पर कार्यरत कर्मियों के लिए अब क्यूआर कोड आधारित नया पहचान पत्र जारी किया जाएगा। यह व्यवस्था पूरे देश में लागू की जा रही है। रेलवे बोर्ड से संबंधित आदेश दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे को प्राप्त हो चुका है, जिसके बाद इसे लागू करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
रेलवे बोर्ड ने दिए सभी जोनों को निर्देश
रेलवे बोर्ड की प्रधान कार्यकारी निदेशक रेणु शर्मा ने सभी रेलवे जोनों को इस नई पहचान व्यवस्था को शीघ्र लागू करने के निर्देश दिए हैं। नए पहचान पत्र क्यूआर कोड से लैस होंगे, जिससे कर्मचारियों की जानकारी डिजिटल माध्यम से तुरंत प्राप्त की जा सकेगी और पहचान सत्यापन की प्रक्रिया अधिक सुरक्षित और सरल होगी।
नियमित और संविदा कर्मचारियों के लिए अलग-अलग रंग के कार्ड
रेलवे जोन के अधिकारियों के मुताबिक, नियमित रेलकर्मियों को पीले रंग का पहचान पत्र दिया जाएगा, जबकि संविदा पर कार्यरत कर्मचारियों को नारंगी रंग का कार्ड जारी किया जाएगा। संविदा कर्मचारियों के लिए यह पहचान पत्र कार्यालय परिसर में प्रवेश के लिए अधिकृत दस्तावेज के रूप में भी मान्य होगा।
सुरक्षा और पारदर्शिता बढ़ाने की पहल
रेलवे प्रशासन का कहना है कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों की पहचान प्रणाली को मजबूत करना और कार्यालयों में प्रवेश व्यवस्था को अधिक पारदर्शी बनाना है। क्यूआर कोड के जरिए कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल रूप से उपलब्ध रहेगा।नई व्यवस्था लागू होने से कर्मचारियों को डिजिटल माध्यम से कार्यालयों में सुगम प्रवेश मिलेगा।
