छत्तीसगढ़ विधानसभा शीतकालीन सत्र आज से शुरू, पहले दिन कांग्रेस करेगी बहिष्कार

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से शुरू होने जा रहा है। नवनिर्मित विधानसभा भवन में आयोजित यह सत्र 14 दिसंबर से 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले ही दिन सदन की कार्यवाही हंगामेदार रहने की संभावना जताई जा रही है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं। आज सदन में ‘विजन 2047’ विषय पर चर्चा प्रस्तावित है, लेकिन कांग्रेस ने इस चर्चा से दूरी बनाने का निर्णय लिया है और पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करेगी।

 

चार दिन में होंगी चार बैठकें

14 से 17 दिसंबर तक चलने वाले इस सत्र में कुल चार बैठकें आयोजित होंगी। सत्र के दौरान 628 प्रश्नों की सूचना प्राप्त हुई है, जिनमें 333 तारांकित और 295 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि 99.17 प्रतिशत प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त हुए हैं। इसके अलावा 48 ध्यानाकर्षण सूचनाएं, एक लोक महत्व के विषय पर चर्चा, 9 अशासकीय संकल्प, 4 शून्यकाल और 77 याचिकाओं पर भी सदन में चर्चा होगी।

 

16 दिसंबर को अनुपूरक मांगों पर चर्चा

सत्र के तीसरे दिन यानी 16 दिसंबर को अनुपूरक मांगों पर चर्चा की जाएगी। इसी दिन छत्तीसगढ़ दुकान एवं स्थापना (नियोजन एवं सेवा शर्तों का विनिमय संशोधन) विधेयक, 2025 (क्रमांक 28/2025) को विधानसभा में पारित किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों से प्राप्त प्रतिवेदन भी सदन के पटल पर रखे जाएंगे।

 

कांग्रेस ने बनाई रणनीति, बहिष्कार का ऐलान

विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की अध्यक्षता में हुई कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सत्र को लेकर रणनीति तय की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि कांग्रेस ‘विजन 2047’ विषय पर होने वाली चर्चा से बाहर रहेगी और सत्र के पहले दिन की कार्यवाही का बहिष्कार करेगी। कांग्रेस के इस फैसले से सत्र की शुरुआत राजनीतिक तनाव और हंगामे के बीच होने की संभावना और बढ़ गई है।

Youthwings