Chhattisgarh Morning News: विधानसभा सत्र का पहला दिन, भाजपा बैठक और कांग्रेस का प्रदर्शन, देखिए दिनभर की हलचल

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News

Chhattisgarh Morning News: आज से छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू हो रहा है, जिसमें सीएम विष्णुदेव साय सदन की कार्यवाही में शामिल होंगे। भाजपा विधायक दल की अहम बैठक होगी, जबकि कांग्रेस नेता दिल्ली में वोट चोर महारैली में शामिल होंगे। इसके साथ ही राज्य में परीक्षा, धार्मिक आयोजन और विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से

छत्तीसगढ़ विधानसभा का शीतकालीन सत्र आज से नवनिर्मित विधानसभा भवन में प्रारंभ हो रहा है। यह सत्र 14 से 17 दिसंबर तक चलेगा। सत्र के पहले दिन से ही सदन में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस और हंगामे के आसार हैं। आज सदन में विजन 2047 विषय पर चर्चा प्रस्तावित है, हालांकि कांग्रेस ने इस चर्चा से खुद को अलग रखने का निर्णय लिया है और पहले दिन की कार्यवाही के बहिष्कार का ऐलान किया है।

इस सत्र के लिए विधायकों द्वारा कुल 628 प्रश्न, 48 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव और 9 अशासकीय संकल्प लगाए गए हैं।

सदन में मौजूद रहेंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज विधानसभा की कार्यवाही में शामिल होंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार, वे सुबह लगभग 9:30 बजे मुख्यमंत्री निवास से विधानसभा के लिए रवाना होंगे। सुबह 10 बजे नए विधानसभा भवन में कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में शामिल होंगे और इसके बाद 11 बजे सदन की कार्यवाही में भाग लेंगे।

भाजपा विधायक दल की अहम बैठक आज

शीतकालीन सत्र की रणनीति को लेकर भाजपा विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक आज रात 8 बजे मुख्यमंत्री निवास में आयोजित की जाएगी। बैठक में विपक्ष के सवालों का तथ्यों और आंकड़ों के साथ जवाब देने की तैयारी पर चर्चा होगी। बैठक के बाद सभी विधायक सामूहिक भोज में शामिल होंगे।

अनुवादक भर्ती परीक्षा आज

रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में अनुवादक पद की भर्ती के लिए व्यापमं द्वारा आज परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक रहेगा। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर दो घंटे पहले पहुंचना अनिवार्य होगा।

परीक्षार्थियों को मूल पहचान पत्र साथ लाना जरूरी है। गाइडलाइन के अनुसार हल्के रंग के आधी बांह के कपड़े पहनने होंगे। काले या गहरे रंग के कपड़े पहनना प्रतिबंधित रहेगा।

सतनाम शोभायात्रा में शामिल होंगे मंत्री खुशवंत साहेब

सतनामी समाज के संस्थापक बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के अवसर पर आज चंदखुरी फार्म में भव्य आयोजन होगा। इस अवसर पर विशाल सतनाम शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें पंथी नृत्य, धूमाल और अखाड़े शामिल होंगे। कार्यक्रम में मंत्री खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

वोट चोर महारैली में कांग्रेस नेताओं का जमावड़ा

मतदाता सूची में कथित धांधली और चुनाव प्रणाली में गड़बड़ी के विरोध में कांग्रेस की “वोट चोर गद्दी छोड़ो महारैली” आज दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित की जाएगी।

इस महारैली में छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता, विधायक, संगठन पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। रैली में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज, टीएस सिंहदेव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

रैली के बाद नेता देर शाम राजधानी लौटेंगे, जबकि कुछ कार्यकर्ता 16 दिसंबर की रात तक वापस आएंगे।

रायपुर में आज के प्रमुख कार्यक्रम

होम्योपैथिक सेमिनार

  • स्थान: होटल वुड कैसल, मैग्नेटो मॉल के पास
  • समय: सुबह 10 बजे

शंकराचार्य आगमन कार्यक्रम

  • स्थान: रावांभाठा आश्रम
  • समय: सुबह 11:30 बजे

कबीर सत्संग

  • स्थान: अमलीडीह, शिव मंदिर चौक
  • समय: सुबह 10:30 बजे

सरोद वादन प्रस्तुति

  • स्थान: रंगमंदिर, गांधी चौक
  • समय: शाम 6 बजे

संयुक्त किसान मोर्चा बैठक

  • स्थान: छत्तीसगढ़ी भवन, हांडीपारा
  • समय: दोपहर 1 बजे
Youthwings