IND vs SA: भारत की हार पर बोले मार्करम -‘जीत नहीं तो रन बेकार’
IND vs SA: साउथ अफ्रीका के स्टार बल्लेबाज एडन मार्करम ने रायपुर में खेले गए दूसरे वनडे में शानदार शतक जड़कर टीम को भारत के खिलाफ यादगार जीत दिलाई। उन्होंने 110 रन की दमदार पारी खेली, जिसकी मदद से मेहमान टीम ने 359 रन का विशाल लक्ष्य चार गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।
मैच के बाद मार्करम ने कहा कि उनके लिए रन तभी मायने रखते हैं जब टीम को जीत मिले। उन्होंने स्वीकार किया कि पहले वनडे में हार के लिए वे खुद को दोषी मानते हैं। रांची में टीम सिर्फ 17 रन से मुकाबला हार गई थी।
मार्करम ने मीडिया से कहा,
“सच कहूं तो रन तभी मायने रखते हैं जब वे जीत दिलाएं। अगर आज हम मैच हार जाते, तो मैं उतना ही दुखी होता जितना पहले मैच के बाद था। नतीजा हमारे पक्ष में आए, यही मेरे लिए खुशी की बात है। पहले मैच में जल्दी विकेट गिरने के कारण हम पिछड़ गए और इसमें मेरी भी गलती थी।”
रायपुर में साउथ अफ्रीका ने कैसे हासिल किया 359 रन का लक्ष्य
लक्ष्य का पीछा करते हुए पहला विकेट जल्दी गिर गया, जब क्विंटन डिकॉक आउट हो गए। इसके बाद मार्करम ने कप्तान टेम्बा बवुमा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 101 रन की साझेदारी की।
इसके बाद उन्होंने मैथ्यू ब्रेत्जके के साथ 70 रन जोड़े। 30 ओवर तक साउथ अफ्रीका 200 रन तक पहुंच चुकी थी।
फिर जिम्मेदारी संभाली डेवाल्ड ब्रेविस और ब्रेत्जके ने। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए 92 रन की महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को जीत के बेहद करीब ले आए।
मार्करम ने बताया कि लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीकी टीम ने किसी तरह का दबाव नहीं लिया। हर खिलाड़ी को अपना रोल अच्छे से निभाना था और अपने खेल पर भरोसा रखना था।
पहले वनडे में मार्करम का प्रदर्शन
पहले वनडे में मार्करम सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए थे। वहीं दूसरे वनडे में उन्होंने 98 गेंदों पर 10 चौके और 4 छक्कों की मदद से 110 रन ठोके। यह उनके वनडे करियर का चौथा शतक था और भारत के खिलाफ पहला।
