Basant Sahu Kurud: 95% दिव्यांग फिर भी कला से रचा इतिहास: कुरूद के चित्रकार बसंत साहू को राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

Basant Sahu, Kurud

Basant Sahu, Kurud

Basant Sahu Kurud : धमतरी जिले के कुरुद के निवासी और अपनी अनोखी कला के लिए देशभर में प्रसिद्ध चित्रकार बसंत साहू को अंतर्राष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा सम्मानित किया गया। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से दिए जाने वाले राष्ट्रीय दिव्यांगजन सशक्तिकरण पुरस्कार 2025 में उन्हें ‘सर्वश्रेष्ठ दिव्यांगजन कलाकार’ की श्रेणी में यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त हुआ।

95% दिव्यांग, लेकिन हौसला और प्रतिभा बेहतरीन

52 वर्षीय Basant Sahu 95% दिव्यांग हैं, लेकिन व्हीलचेयर पर बैठकर उन्होंने अपनी कला से दुनिया को एक नई दृष्टि दी है। लगातार 30 वर्षों से वे पेंटिंग बना रहे हैं। एक पेंटिंग को पूरा करने में उन्हें करीब चार से पाँच दिन लगते हैं। कला प्रेमियों का कहना है कि उनकी कृतियों में संवेदनशीलता, सौंदर्य और गहराई का अनोखा मिश्रण दिखाई देता है। वे अनेक लोगों के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। बसंत की कला यह संदेश देती है— दिव्यांगता मन में नहीं, केवल शरीर में होती है।

read more अजय चंद्राकर इंटरव्यू : अपने क्षेत्र में विकास हो या सदन में पूछे जाने वाले सवाल, सभी में आगे हैं डाला भैया

सम्मान के योग्य, दया के नहीं — राष्ट्रपति

समारोह में राष्ट्रपति मुर्मू ने दूसरे दिव्यांग कलाकार गायत्री गुप्ता को भी राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया। उन्होंने कहा, “समाज तभी प्रगतिशील कहलाता है, जब दिव्यांगजनों को दया नहीं, बल्कि समानता, अवसर और सम्मान मिले।”

“शरीर सीमित है, मन नहीं” — बसंत साहू

राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद बसंत साहू ने कहा, “जब कर्म समर्पण बन जाए और सीमाएँ प्रेरणा, तब पुरस्कार ईश्वर की कृपा बन जाते हैं। यह सम्मान मेरे परिवार, मेरी माँ की तपस्या और सभी के स्नेह का परिणाम है। शरीर सीमित हो सकता है, लेकिन आत्मा की उड़ान असीम होती है।”
उनकी हर पेंटिंग इस असीम उड़ान का प्रतीक है।

प्रदेशभर में खुशी की लहर

Basant Sahu को राष्ट्रीय सम्मान मिलने के बाद जिले से लेकर प्रदेशभर में खुशी का माहौल है। बधाई देने वालों में शामिल हैं—मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, प्रभारी मंत्री टंक राम वर्मा, विधायक अजय चंद्राकर, नगर पालिका कुरुद अध्यक्ष ज्योति भानु चंद्राकर, नव-नियुक्त कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारणी नीलम चंद्राकर, बसंत फाउंडेशन के सदस्य, कुरुद के बड़ी संख्या में निवासी सभी ने इस सम्मान को पूरा प्रदेश का गौरव बताया है।

 

Youthwings