Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ में बड़ी सफलता, 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद, एक घायल, भारी मात्रा में हथियार बरामद
Naxal Encounter: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा-बीजापुर बॉर्डर पर सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच बुधवार सुबह एक बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें 12 नक्सली ढेर कर दिए गए। सभी नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान घायल है। बीजापुर SP डॉ. जितेंद्र यादव ने इस पूरे ऑपरेशन की पुष्टि की है।
शहीद हुए बहादुर जवान
बस्तर रेंज के IG सुंदरराज पी. ने बताया कि इस एनकाउंटर में बीजापुर DRG के हेड कॉन्स्टेबल मोनू वडारी, कॉन्स्टेबल दुकारू गोंडे और रमेश सोड़ी शहीद हो गए।
इसके अलावा जवान सोमदेव यादव घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
कैसे शुरू हुआ ऑपरेशन?
DRG, STF, COBRA और CRPF की संयुक्त टीम बुधवार सुबह 9 बजे से वेस्ट बस्तर डिवीजन के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। इस दौरान अचानक नक्सलियों ने गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जवाबी कार्रवाई में कई नक्सली मारे गए। फिलहाल इलाके में सर्च जारी है और क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
हथियार और गोला-बारूद बरामद
SP के अनुसार, मौके से सुरक्षाबलों ने SLR राइफल, 303 राइफल, गोला-बारूद बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों की पहचान की जा रही है। ऑपरेशन अभी भी जारी है।
बड़े नेताओं की बैठक के बाद दिखा असर
4 दिन पहले ही छत्तीसगढ़ में DGP कॉन्फ्रेंस हुई थी, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, NSA अजीत डोभाल समेत कई शीर्ष अधिकारी मौजूद थे। मीटिंग में नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई थी।
गृहमंत्री अमित शाह पहले ही नक्सलवाद खत्म करने की डेडलाइन 31 मार्च 2026 तय कर चुके हैं। आज की बड़ी सफलता उसी रणनीति का असर मानी जा रही है।
हाल ही में मारा गया था खूंखार नक्सली हिड़मा
18 नवंबर को देश के सबसे खतरनाक नक्सली कमांडरों में एक माड़वी हिड़मा छत्तीसगढ़–आंध्र बॉर्डर पर मारेडमिल्ली जंगल में एनकाउंटर में मार गिराया गया था। उसी ऑपरेशन में उसकी पत्नी राजे उर्फ रजक्का और 4 अन्य नक्सली भी ढेर किए गए थे।
