पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे पर छेड़छाड़ व शादी के लिए दबाव बनाने का आरोप, FIR दर्ज, आरोपी फरार

तखतपुर (बिलासपुर)। बिलासपुर जिले के तखतपुर से एक बेहद गंभीर और शर्मनाक मामला सामने आया है। पूर्व भाजपा मंडल अध्यक्ष के बेटे और स्थानीय राइस मिल संचालक ज्ञानदीप पांडे पर उनकी ही मिल में काम करने वाली एक युवती ने छेड़छाड़, जबरन शादी का दबाव बनाने, घर में घुसकर धमकी देने और परिवार को जान से मारने की धमकी देने जैसे जघन्य आरोप लगाए हैं।

 

पीड़िता ने परिजनों के साथ तखतपुर थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ज्ञानदीप पांडे के खिलाफ भादवि की धारा 354 (महिला की गरिमा भंग करना), 354-D (पीछा करना), 506 (आपराधिक धमकी), 507 (गुमनाम धमकी) और अन्य संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर ली है।

 

पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, वह लंबे समय से ज्ञानदीप पांडे की राइस मिल में अकाउंटेंट के तौर पर काम कर रही थी। काम के दौरान मिल मालिक बार-बार उसके साथ छेड़छाड़ करता था, अश्लील बातें करता था। परेशान होकर उसने नौकरी छोड़ दी। नौकरी छोड़ने के बाद भी आरोपी ने पीछा नहीं छोड़ा। वह बार-बार उसके घर आने लगा और जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर आरोपी अपने साथियों को लेकर घर पहुंचा और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

दबंगई और लगातार धमकियों से परिवार दहशत में जी रहा था।

पुलिस का एक्शन: आरोपी फरार, छापेमारी जारी

FIR दर्ज होते ही ज्ञानदीप पांडे घर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन अभी तक हाथ नहीं लगा है। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा का आश्वासन दिया गया है।

Youthwings