Elephant Attack in Chhattisgarh: हाथियों के हमले में पति-पत्नी की मौत, गांव में दहशत
Elephant Attack in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जंगलों में भटकते हाथियों के दल ने रिहायशी इलाकों में प्रवेश कर लोगों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामला सरगुजा के प्रतापपुर क्षेत्र का है, जहां हाथियों के हमले में एक दंपत्ति की मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में भय का माहौल है और लोग घरों में दुबके हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रतापपुर वन परिक्षेत्र के कपसरा बिसाही मोड़ गांव में दंपत्ति अपने काटे हुए धान की फसल की रखवाली के लिए खलिहान में सो रहे थे। आधी रात को हाथियों का दल खलिहान में घुस आया। दंपत्ति के हरकत करने पर हाथियों ने उन दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
वन विभाग को घटना की सूचना मिलते ही कर्मियों में हड़कंप मच गया और वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पंचनामा बनाकर दोनों शवों को अस्पताल भेजा गया। वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अंधेरा होने पर अकेले बाहर न निकलने की अपील की है। साथ ही विभाग ने पीड़ित परिवार को हर संभव सरकारी और आर्थिक सहायता देने का भरोसा दिया है।
