शराब पीकर स्कूल आने वाले 6 शिक्षकों की नौकरी पर खतरा, बर्खास्तगी की तैयारी

बिलासपुर। शिक्षा के मंदिर कहे जाने वाले स्कूलों में शराब के नशे में पहुंचने वाले शिक्षकों पर अब शासन सख्त हो गया है। बिलासपुर जिले में पिछले दो महीनों में शराब पीकर ड्यूटी करने के आरोप में निलंबित किए गए छह सहायक शिक्षकों को अब सीधे बर्खास्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

 

जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने इन सभी शिक्षकों की विस्तृत रिपोर्ट संयुक्त संचालक (जेडी) के माध्यम से लोक शिक्षण संचालनालय को भेज दी है। डीपीआई के निर्देश पर पूरे प्रदेश से ऐसे शिक्षकों की सूची मंगाई गई थी, जिसमें बिलासपुर से ये छह नाम शामिल हैं।

 

निलंबित शिक्षकों की सूची

1. अभिमन्यु मरकाम – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला विजयपुर (तखतपुर)

2. बृजलाल मरावी – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला औरापानी (कोटा)

3. विश्वकर्मा प्रसाद कश्यप – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला सोन (मस्तूरी)

4. अनुरंजन कुजुर – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला परसदा (मस्तूरी)

5. मनोज कुमार नेताम – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला रहटाटोर (मस्तूरी)

6. राजेश्वर सिंह मरावी – सहायक शिक्षक, प्राथमिक शाला रहटाटोर (मस्तूरी)

 

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बार-बार चेतावनी और निलंबन के बावजूद कुछ शिक्षक सुधरने को तैयार नहीं हैं। अक्टूबर-नवंबर में ही इन सभी के खिलाफ पंचायत सचिव, ग्रामीणों और सहकर्मियों की शिकायत पर कार्रवाई हुई थी।

 

लोक शिक्षण संचालनालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि अब विभागीय जांच पूरी कर ऐसे शिक्षकों को सीधे सेवा से बर्खास्त किया जाए, ताकि शिक्षा व्यवस्था में अनुशासन कायम रहे और अन्य शिक्षकों को सबक मिले।

Youthwings