प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में छत्तीसगढ़ को मिली राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सफलता, सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट का पुरस्कार
रायपुर: प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ राज्य को बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की 12वीं राष्ट्रीय समीक्षा बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ को देश के बड़े राज्यों की श्रेणी में सेकंड बेस्ट परफॉर्मिंग स्टेट के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति को मिला बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट अवार्ड, छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय सम्मान
यह सम्मान राज्य के मोहला-मानपुर-चौकी और सक्ति जिलों को भी मिला, जिन्हें प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बेस्ट परफॉर्मिंग जिला के पुरस्कार से नवाजा गया। यह दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन 18-19 अप्रैल 2025 को तिरुवनंतपुरम (केरल) में आयोजित हो रहा है, जहां छत्तीसगढ़ के प्रतिनिधियों ने यह प्रतिष्ठित सम्मान प्राप्त किया।
राज्य की ओर से यह सम्मान संयुक्त संचालक बी.के. मिश्रा और उपसंचालक उद्यानिकी नीरज शाह ने प्राप्त किया, जबकि मोहला-मानपुर-चौकी जिले की कलेक्टर तूलिका प्रजापति और सक्ति जिले के कलेक्टरटोपनो ने बेस्ट परफॉर्मिंग डिस्ट्रिक्ट का अवार्ड ग्रहण किया।
छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन में राष्ट्रीय स्तर पर हासिल किया दूसरा स्थान


मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा, “यह सम्मान राज्य सरकार की किसान हितैषी नीतियों और कृषि मंत्री राम विचार नेताम के मार्गदर्शन का परिणाम है। यह छत्तीसगढ़ के किसानों के कल्याण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।” उन्होंने कृषि विभाग की टीम को इस सफलता के लिए बधाई दी और किसानों को समय पर लाभ पहुंचाने के लिए जारी प्रयासों की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा, “हम विश्वास करते हैं कि भविष्य में छत्तीसगढ़ कृषि क्षेत्र में और भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगा और किसानों की समृद्धि के लिए और भी उत्कृष्ट कार्य होंगे।”
यह सम्मान राज्य के कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत का फल है, जो लगातार किसानों को फसल बीमा के लाभ समय पर पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं।
