जांजगीर-चांपा में भीषण सड़क हादसा: बारात से लौट रही स्कॉर्पियो ट्रक से भिड़ी, 5 की मौत
जांजगीर-चांपा
जांजगीर-चांपा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सुकली स्थित NH-49 पर देर रात ट्रक और स्कॉर्पियो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत बिलासपुर रिफर किया गया है। स्कॉर्पियो में सवार सभी लोग नवागढ़ क्षेत्र के रहने वाले बताए जा रहे हैं और वे बारात से लौट रहे थे।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, नवागढ़ से मंगलवार रात बारात ग्राम पंतोरा गई थी। देर रात बारात से लौटते समय NH-49 पर सुकली के पास सामने से आ रहे ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया। वहीं कलेक्टर और एसपी भी जिला अस्पताल पहुँचकर स्थिति की समीक्षा की। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतकों में भारतीय सेना के दो जवान भी शामिल बताए गए हैं।
मृतकों की सूची
विश्वनाथ देवागन, पिता सुखरु देवागन (उम्र 43 वर्ष)
राजेंद्र कश्यप, पिता कोमल कश्यप (उम्र 27 वर्ष)
पोमेश्वर जलतारे, पिता पुरुषोत्तम जलतारे (उम्र 33 वर्ष)
भूपेंद्र साहू, पिता रेशम साहू (उम्र 40 वर्ष)
कमलनयन साहू, पिता रामचरण साहू (उम्र 22 वर्ष)
