Morning News: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का दिल्ली दौरा, आज निवेशक कनेक्ट कार्यक्रमों में शिरकत
Chhattisgarh Morning News
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के दिल्ली दौरे का आज दूसरा दिन है। वे सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस दौरान स्टील उद्योग, पर्यटन और निवेश क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे। राज्य की नई औद्योगिक संभावनाओं, प्रोत्साहनों और निवेश के अवसरों को प्रस्तुत करेंगे। प्रमुख समूहों को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ लेटर सौंपेंगे। दोपहर 2:15 से शाम 4:15 बजे तक छत्तीसगढ़ टूरिज्म इन्वेस्टर कनेक्ट में शिरकत करेंगे, जहां पर्यटन क्षेत्र के निवेशकों से चर्चा होगी। इसके बाद रात 8 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। यह दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मैदान में
रायपुर। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। पीसीसी अध्यक्ष दीपक बैज आज कवर्धा और बेमेतरा जिलों का दौरा करेंगे। डोर-टू-डोर अभियान चलाकर मतदाताओं से एसआईआर की कमियों पर चर्चा करेंगे। बैज ने कहा कि एसआईआर नागरिकों को परेशान करने का हथियार बन गया है। पुरानी मतदाता सूचियों में नाम ढूंढने, फॉर्म भरने और जमा करने में दिक्कतें हो रही हैं। कई घरों में फॉर्म ही नहीं पहुंचे। कांग्रेस का आरोप है कि आरक्षित वर्ग के नाम काटने की साजिश चल रही है। बैज ने बीएलओ पर भाजपा दबाव का भी जिक्र किया।
कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट कल राज्य में
कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट कल (26 नवंबर) दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे। सुबह 12:15 बजे स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंडिंग के बाद दोपहर 1:30 बजे धमतरी में ‘संविधान बचाओ दिवस’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। दोपहर 3:30 बजे कांकेर लोकसभा क्षेत्र में एसआईआर पर बीएलओ तैयारियों की समीक्षा करेंगे। जगदलपुर में रात्रि विश्राम। 27 नवंबर को बस्तर लोकसभा में एसआईआर पर बीएलओ की समीक्षा करेंगे। पायलट का यह दौरा एसआईआर विवाद को तेज करने और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर केंद्रित है।
बीएससी नर्सिंग प्रवेश का आज अंतिम दिन
छत्तीसगढ़ में बीएससी नर्सिंग की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए आज (25 नवंबर) अंतिम तिथि है। चयनित अभ्यर्थियों की मेरिट सूची जारी हो चुकी है। विद्यार्थियों को अपनी पसंद के कॉलेज में उपस्थित होकर स्क्रूटनी करानी होगी। प्रवेश प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है। एडमिशन रिसिप्ट जारी होने पर ही प्रवेश मान्य होगा। अभ्यर्थियों को रिसिप्ट अवश्य डाउनलोड करनी होगी। स्वास्थ्य विभाग ने अपील की है कि समयसीमा का पालन करें।
