Fake IT Raid: डॉक्टर के घर में घुसे 7 संदिग्ध, बिना वारंट-बिना ID घंटों की तलाशी
धमतरी। Fake IT Raid: छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में उस वक्त हड़कंप मच गया जब सात संदिग्ध व्यक्तियों ने खुद को आयकर विभाग का अधिकारी बताकर शहर के जाने-माने पैथोलॉजिस्ट डॉ. दिलीप राठौर के विवेकानंद कॉलोनी स्थित घर में घुसकर करीब एक घंटे तक तलाशी ली। ये फर्जी अधिकारी न तो कोई पहचान-पत्र दिखाए, न ही कोई आधिकारिक नोटिस दिया। सफेद रंग की डिजायर कार से आए इन लोगों ने घर के हर कोने, अलमारियों, गहनों और निजी दस्तावेजों की बारीकी से छानबीन की, लेकिन कोई सामान जब्त करने या कार्रवाई की सूची देने के बाद चुपचाप फरार हो गए।
पूरी घटना घर के सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही धमतरी पुलिस हरकत में आई और फुटेज के साथ-साथ संदिग्धों की कार का नंबर जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी हैं और अलग-अलग दिशाओं में छापेमारी शुरू कर दी है।
खास बात यह है कि यह वारदात शहर के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में, महापौर के घर के ठीक सामने हुई है, जिससे स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गौरतलब है कि इसी घर में वर्ष 2008 में भी बड़ी डकैती हो चुकी है, जिसके बाद से परिवार एक बार फिर दहशत के साये में जीने को मजबूर है।
पुलिस का कहना है कि यह मामला उन संगठित गिरोहों से मिलता-जुलता है जो पहले फर्जी अधिकारी बनकर रेड करते हैं और बाद में डकैती या लूट जैसी बड़ी वारदात को अंजाम देते हैं। पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश सहित देश के कई हिस्सों में ऐसे मामले सामने आ चुके हैं।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कभी आयकर, पुलिस या किसी सरकारी विभाग की ओर से छापा या तलाशी की कार्रवाई हो तो सबसे पहले अधिकारियों से उनका सरकारी पहचान-पत्र और आधिकारिक नोटिस जरूर मांगें। इससे फर्जी अधिकारियों के हाथों ठगी और बड़ी वारदातों से बचा जा सकता है।
