Bhilai Crime News: 21 साल की युवती को बीच सड़क से घसीटकर कार में ले गया शादीशुदा शख्स, परिजन बोले– डेढ़ साल तक करता रहा शोषण
Bhilai Crime News: जामुल थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवती को एक 40 साल के शादीशुदा व्यक्ति ने बीच सड़क पर चीखते-चिल्लाते हुए जबरदस्ती कार में घसीटकर साथ ले गया। इस घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसे परिजनों ने पुलिस को सौंपा है।
परिजनों का आरोप है कि आरोपी हेमंत अग्रवाल—जो रायपुर का रहने वाला है—ने पहले युवती को तंत्र विद्या और इलाज का झांसा दिया, फिर शादी का भरोसा देकर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में पढ़ाई के नाम पर रायपुर ले जाकर डेढ़ साल तक मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता रहा।
कैसे शुरू हुआ पूरा मामला?
पीड़िता की मां और बुआ के अनुसार वर्ष 2023 में युवती मानसिक तनाव से गुजर रही थी। उसी दौरान उनकी दुकान पर रायपुर की एक महिला लीला अग्रवाल आई। उसने दावा किया कि उसका बेटा तंत्र विद्या से युवती का मानसिक तनाव दूर कर सकता है। इसके बाद आरोपी हेमंत और उसकी मां का घर आना-जाना शुरू हुआ।
धीरे-धीरे हेमंत ने युवती को प्रेम जाल में फंसाया और अक्टूबर 2023 से उससे शारीरिक संबंध बनाने लगा। कुछ महीनों बाद लीला, युवती को यह कहकर रायपुर ले गई कि वे उसे पढ़ाएंगे और उसका इलाज कराएंगे।
रायपुर में आर्य समाज विवाह और लगातार प्रताड़ना
पीड़िता के बयान के अनुसार रायपुर ले जाकर जबरन आर्य समाज में उसकी शादी करा दी गई। शादी के बाद आरोपी ने उसे कमरे में बंद रखा और मानसिक एवं शारीरिक प्रताड़ना देता रहा।
युवती का आरोप है कि तंत्र विद्या के नाम पर डराया गया और 2 से 3 बार उसका गर्भपात भी कराया गया।
आरोपी की दूसरी पत्नी ने की मदद
चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी हेमंत की पहले से पत्नी—रागिनी अग्रवाल—और एक बेटी भी है। रागिनी ने ही युवती को प्रताड़ना से बचने में मदद की और उसे भागकर भिलाई पहुंचने का रास्ता दिखाया।
युवती तीन दिन तक सखी सेंटर में भी रही। वहीं शिकायत के बाद जब हेमंत को बुलाया गया तो उसने वहां भी गाली-गलौज और बदसलूकी की।
घटना का ताजा मोड़: सड़क से उठा ले गया आरोपी
15 अक्टूबर को युवती अपने पिता के साथ घर आ गई थी। लेकिन आज आरोपी हेमंत तीन साथियों के साथ कार से आया और घर के पास ही युवती को जबरदस्ती घसीटते हुए कार में बैठा लिया। इस दौरान युवती चीखती-चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी बिना रुके उसे लेकर चला गया।
बताया गया कि आरोपी ने जामुल थाना में पहले से इसकी सूचना दे दी थी, लेकिन जब CCTV फुटेज आया, तब पुलिस सक्रिय हुई।
फिलहाल जामुल पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध मारपीट, अपहरण और शारीरिक उत्पीड़न का मामला दर्ज कर लिया है।
