नशे में धुत पुलिसकर्मियों का युवकों से दुर्व्यवहार वीडियो वायरल, SP ने तत्काल किया लाइन अटैच
डोंगरगढ़: छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में पुलिस की लापरवाही एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। थाना डोंगरगढ़ में तैनात प्रधान आरक्षक राणा प्रसन्न गजभिए और आरक्षक गौरव सेंडे का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में रात की गश्त के दौरान पुलिस वाहन में सवार दोनों पुलिसकर्मी नशे में धुत अवस्था में युवकों के साथ दुर्व्यवहार करते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो सामने आते ही जिले की नई एसपी अंकिता शर्मा ने बिना विलंब के दोनों को लाइन अटैच कर दिया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
वायरल वीडियो ने खोली पुलिस की पोल, नशे में गलत व्यवहार
वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि गश्त के नाम पर दोनों पुलिसकर्मी शराब के नशे में युवकों को धमकाते और गाली-गलौज करते नजर आ रहे हैं। यह घटना डोंगरगढ़ पुलिस की छवि को और धूमिल करने वाली है। सोशल मीडिया पर वायरल होते ही स्थानीय लोगों ने इसे पुलिस की दबंगई का उदाहरण बताते हुए एसपी से कड़ी कार्रवाई की मांग की थी। एसपी अंकिता शर्मा ने वीडियो की जांच कराते ही दोनों आरक्षकों को लाइन अटैच का आदेश जारी कर दिया। विभागीय सूत्रों के अनुसार, आगे की जांच में यदि लापरवाही साबित हुई तो और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।
पिछले कई महीनों से डोंगरगढ़ में सुस्त पुलिसिंग के चलते अपराध की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। शराब की बिक्री, सट्टेबाजी, अवैध कारोबार, चाकूबाजी, गैंगवार, चोरी और लूट जैसी वारदातें आम जनता के लिए सिरदर्द बनी हुई हैं। हालांकि, जिले की कमान संभालते ही तेज-तर्रार एसपी अंकिता शर्मा ने अपराधियों के बीच खौफ पैदा कर दिया है, जिसके फलस्वरूप खुले में होने वाले अपराधों में कमी आई है। फिर भी, निचले स्तर पर पुलिसकर्मियों की लापरवाही और अनुशासनहीनता कानून व्यवस्था की सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। यह घटना एसपी की सख्ती के बावजूद विभाग के अंदर व्याप्त खामियों को उजागर करती है।
