नेशनल पार्क में भीषण मुठभेड़: बीजापुर मुठभेड़ में 27 लाख के इनामी 6 नक्सली ढेर, भारी मात्रा में हथियार बरामद
बीजापुर: छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 27 लाख रुपये के इनामी 6 कुख्यात माओवादी ढेर हो गए हैं। मुठभेड़ में मारे गए माओवादियों में DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना, DVCM उर्मिला, ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू, PM देवे, PM भगत और PM मंगली ओयाम शामिल हैं।
बीजापुर, दंतेवाड़ा और एसटीएफ की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। मुठभेड़ स्थल से इंसास रायफल, कार्बाइन, .303 रायफल, सिंगल शॉट गन, हैंड ग्रेनेड, विस्फोटक सामग्री, वर्दी और माओवादी साहित्य बरामद किए गए हैं।
जानकारी के आधार पर कांदुलनार-कचलारम के जंगलों में हुई मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव ने बताया कि सुरक्षा बलों को सूचना मिली थी कि SZCM पापाराव, मद्देड़ एरिया कमेटी के इंचार्ज DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना, DVCM उर्मिला, DVCM मोहन कड़ती और पश्चिम बस्तर डिवीजन के 50-60 माओवादी कांदुलनार, कचलारम और गुज्जाकोंटा के जंगलों में मौजूद हैं।
इस सूचना के बाद डीआरजी बीजापुर, डीआरजी दंतेवाड़ा और एसटीएफ की टीमें रवाना की गईं। 11 नवंबर की सुबह करीब 10 बजे दोनों पक्षों के बीच तीव्र मुठभेड़ हुई, जिसमें 6 नक्सली मारे गए।
मारे गए माओवादियों की पहचान और इनाम राशि
DVCM कन्ना ऊर्फ बुचन्ना – इनाम ₹8 लाख, 42 आपराधिक प्रकरण दर्ज, 18 स्थायी वारंट लंबित।
DVCM उर्मिला – इनाम ₹8 लाख, माओवादी नेता पापाराव की पत्नी और पामेड़ एरिया कमेटी सचिव।
ACM जगत तामो ऊर्फ मोटू – इनाम ₹5 लाख, मद्देड़ एरिया कमेटी सदस्य।
PM देवे – इनाम ₹2 लाख, पामेड़ एरिया कमेटी सदस्य।
PM भगत – इनाम ₹2 लाख, मद्देड़ एरिया कमेटी सदस्य।
PM मंगली ओयाम – इनाम ₹2 लाख, गंगालूर थाना क्षेत्र की निवासी।
कुल मिलाकर मारे गए नक्सलियों पर ₹27 लाख का इनाम घोषित था।
बुचन्ना था कई वारदातों का मास्टरमाइंड
कुख्यात माओवादी कन्ना ऊर्फ बुचन्ना पिछले एक दशक से कई बड़ी नक्सली घटनाओं में शामिल रहा है।
उसके खिलाफ कैम्प अटैक, IED ब्लास्ट, ग्रामीणों की हत्या, बस जलाने और डकैती जैसी वारदातों के मामले दर्ज हैं।
वह भैरमगढ़, फरसेगढ़ और भद्रकाली क्षेत्रों में सक्रिय था और उसके मारे जाने को पुलिस ने “नक्सली नेटवर्क के लिए बड़ी क्षति” बताया है।
उर्मिला की मौत से संगठन को दोहरा झटका
माओवादी नेता उर्मिला, जो पापाराव की पत्नी थी, संगठन की राजनीतिक विंग में अहम भूमिका निभाती थी।
वह PLGA बटालियन की सप्लाई चेन संभालती थी, जिसमें राशन, वर्दी, दवाइयां और अन्य सामग्री की आपूर्ति शामिल थी।
उसकी मौत से पामेड़ एरिया कमेटी और PLGA की आपूर्ति व्यवस्था दोनों पर असर पड़ा है।
IG सुंदरराज पी का बयान — ‘नक्सलियों के बचे ठिकानों का सफाया होगा’
पुलिस महानिरीक्षक बस्तर रेंज सुंदरराज पी ने कहा कि बीजापुर मुठभेड़ में नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में अब तक 144 नक्सली मारे गए, 499 गिरफ्तार हुए और 560 ने आत्मसमर्पण किया है।
जनवरी 2024 से अब तक की गिनती करें तो 202 माओवादी ढेर, 1002 गिरफ्तार और 749 आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
IG सुंदरराज ने कहा — “अब बस्तर में माओवादी संगठन पूरी तरह घिर चुका है। हमारा लक्ष्य है — एक शांतिपूर्ण और नक्सल-मुक्त बस्तर।”
