#WatchVideo: पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा: बाइक में लगी आग, टंकी में हुआ ब्लास्ट

खैरागढ़: छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ में एक पेट्रोल पंप पर बड़ा हादसा टल गया। पेट्रोल डलवाने के तुरंत बाद एक बाइक में अचानक आग लग गई और उसकी टंकी में ब्लास्ट हो गया। घटना के दौरान पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन कर्मचारियों की सूझबूझ से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ और सभी लोग सुरक्षित रहे।

साल्हेवापा के मां बंजारी फ्यूल सेंटर की घटना

यह घटना खैरागढ़ के साल्हेवापा स्थित मां बंजारी फ्यूल सेंटर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक युवक पेट्रोल भरवाने के बाद जैसे ही अपनी बाइक को स्टार्ट करने लगा, तभी बाइक धू-धूकर जलने लगी। युवक ने फौरन कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि पेट्रोल पंप कर्मचारी फायर एक्सटिंग्विशर लेकर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया। यदि आग फैल जाती, तो पूरे पंप पर बड़ा धमाका हो सकता था।

प्लग वायर से निकली चिंगारी बनी हादसे की वजह

जांच में सामने आया है कि बाइक में आग लगने की वजह प्लग वायर के पास से निकली चिंगारी थी। जब युवक बाइक स्टार्ट कर रहा था, उसी दौरान प्लग से निकली स्पार्क पेट्रोल की गैस के संपर्क में आई और तुरंत आग भड़क उठी। हालांकि आग लगने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत बिजली सप्लाई बंद कर दी और फायर सेफ्टी उपकरणों की मदद से आग बुझाई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

 

Youthwings