वरिष्ठ कांग्रेस नेता की जलने से हुई मौत, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया पार्थिव शरीर
भानुप्रतापपुर। क्षेत्र के पूर्व जनपद सदस्य एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता पुसऊ राम दुग्गा (उम्र करीब 65 वर्ष) की बीती रात घर में ही जलकर दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि रात में सीने में तेज दर्द होने पर उन्होंने मालिश कराई थी। ठंड से बचने के लिए बिस्तर के पास अलाव जला रखा था। आशंका है कि हार्ट अटैक आने से तड़पते-तड़पते उनका शरीर अलाव से सट गया और बिस्तर में आग लग गई।
परिजनों ने सुनाई दिल दहला देने वाली आपबीती
परिजनों के अनुसार, देर रात करीब 2:30 बजे अचानक जलने की तेज बदबू और चटकने की आवाज आई। जब दूसरे कमरे में सो रहे परिवारवाले दौड़कर पहुंचे तो कमरे में धुआं ही धुआं था। अंदर का मंजर देखकर सभी के होश उड़ गए, पुसऊ राम दुग्गा का शरीर पूरी तरह जल चुका था और मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी।
आनन-फानन में परिजनों ने बाल्टी-बाल्टी पानी डालकर आग बुझाई और शव को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही भानुप्रतापपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉक्टरों का कहना है कि मौत का सही कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
कांग्रेस में शोक की लहर, विधायक सावित्री मंडावी ने कहा – “अपूरणीय क्षति”
पुसऊ राम दुग्गा के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। भानुप्रतापपुर विधायक सावित्री मंडावी ने घटनास्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि दी और कहा, “पुसऊ राम दुग्गा जी आदिवासी समाज के सशक्त आवाज थे। उनकी कमी कभी पूरी नहीं हो सकती। यह कांग्रेस के लिए अपूरणीय क्षति है।”
