85 लाख का बैंक गबन! ग्राहकों से वसूली की रकम खुद उड़ा बैठे कर्मचारी, 6 गिरफ्तार
दुर्ग। ईसाफ स्मॉल फाइनेंस बैंक की दुर्ग शाखा में बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। बैंक के संग्रह कर्मचारियों ने ग्राहकों से लोन की किश्त के रूप में वसूल की गई 85 लाख रुपये की रकम बैंक में जमा करने के बजाय खुद के खाते में डाल ली। पुलिस ने इस मामले में 6 कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि कुल 10 संग्रह कर्मचारियों के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है।
बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक मोहित देशमुख ने पुलगांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चन्द्रखुरी निवासी हिरन बाई साहू सहित 240 ग्राहकों से मई 2024 से जून 2025 के बीच कुल 84,98,940 रुपये वसूले गए, लेकिन यह रकम बैंक के खाते में जमा नहीं की गई।
जब बैंक अधिकारियों ने ग्राहकों से संपर्क किया तो पता चला कि सभी ने समय पर किश्त जमा कर दी थी। यानी संग्रह कर्मचारियों ने ग्राहकों से पैसे लेकर उन्हें रसीद तो दे दी, लेकिन बैंक में जमा नहीं किया और पूरी रकम खुद हड़प गए।
पुलिस ने अपराध क्रमांक 546/2025 के तहत धारा 420, 409, 120-बी भादवि के तहत मुकदमा दर्ज कर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। बैंक ने सभी प्रभावित ग्राहकों को आश्वासन दिया है कि उनकी रकम सुरक्षित है और जल्द ही खाते में क्रेडिट कर दी जाएगी।
