Sachin Pilot in Chhattisgarh: कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ का आगाज जांजगीर-चांपा से, प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट भी होंगे शामिल
Sachin Pilot in Chhattisgarh
रायपुर। Sachin Pilot in Chhattisgarh: छत्तीसगढ़ में पहलगाम घटना के बाद दो बार स्थगित हुई कांग्रेस की ‘संविधान बचाओ रैली’ अब जांजगीर-चांपा से शुरू होगी। इस रैली में पार्टी के प्रदेश प्रभारी और एआईसीसी महासचिव सचिन पायलट भी हिस्सा लेंगे। रैली में प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। 19 मई को जांजगीर-चांपा से शुरू होने के बाद यह रैली सभी जिला मुख्यालयों और विधानसभा क्षेत्रों तक जाएगी। इसके बाद कांग्रेस घर-घर तक ‘संविधान बचाओ अभियान’ पहुंचाएगी।
जांजगीर-चांपा में रैली की तैयारी पूरी हो चुकी है। इस दौरान प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बेज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, प्रभारी सचिव जरिता लैतफलांग, प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ और विधायक समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे। इससे पहले दुर्ग और बिलासपुर से रैली शुरू करने का प्रयास किया गया था, लेकिन स्थगित कर दिया गया था।
रैली की तीन प्रमुख मांगें
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बेज ने बताया कि यह रैली केंद्र सरकार की तीन अहम मांगों को लेकर आयोजित की जाएगी। पहली मांग आरक्षण में 50 प्रतिशत की सीमा हटाने की है, जिस पर एआईसीसी ने अहमदाबाद में प्रस्ताव पारित किया है। दूसरी मांग नेशनल बजट में एससी-एसटी के लिए आवंटन बढ़ाने की है, जो वर्तमान में दुर्भावनापूर्ण रूप से कम किया जा रहा है। तीसरी और महत्वपूर्ण मांग निजी शिक्षण संस्थानों में भी अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और ओबीसी युवाओं के लिए आरक्षण लागू करने की है। 2006 में यूपीए सरकार द्वारा आर्टिकल 15(5) में इसका प्रावधान किया गया था, लेकिन इसका लाभ अभी तक निजी संस्थानों में नहीं मिल पा रहा है। कांग्रेस इस मांग को केंद्र सरकार पर जोर देकर लागू कराना चाहती है।
सचिन पायलट का दो दिवसीय दौरा
एआईसीसी महासचिव और छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट 18 मई को मुंबई से रायपुर आएंगे। वे शाम को पहलगाम आतंकी हमले में शहीद हुए कारोबारी दिनेश मिरानिया के परिवार से मुलाकात करेंगे। इसके बाद वे रायपुर से बिलासपुर के लिए रवाना होंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। 19 मई को पायलट बिलासपुर से जांजगीर-चांपा जाएंगे और दोपहर 3 बजे मेजर ध्यान चंद हॉकी स्टेडियम में ‘संविधान बचाओ रैली’ में हिस्सा लेंगे। शाम को वे रायपुर लौटेंगे और रात को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
इस रैली के माध्यम से कांग्रेस पार्टी राज्य और केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की मांग करेगी।
