2 मिनट लेट हुए राहुल गांधी, तो खुद को दी सजा – बीजेपी बोली, चुनाव छोड़ जंगल सफारी का मजा!

मध्य प्रदेश के पचमढ़ी में चल रहे कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में राहुल गांधी ने अनुशासन का एक उदाहरण पेश किया। रविवार को जब वे कैंप में 2 मिनट की देरी से पहुंचे, तो उन्होंने खुद को सजा दी और मौके पर ही 10 पुशअप लगाए। राहुल गांधी का यह कदम कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा बन गया, लेकिन इसी घटना पर बीजेपी ने चुटकी लेते हुए कहा कि “जब बिहार में चुनाव हो रहे हैं, तब राहुल गांधी जंगल सफारी का मजा ले रहे हैं।”

कांग्रेस कैंप में राहुल की सजा ने बढ़ाया अनुशासन का संदेश

राहुल गांधी मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले के पचमढ़ी में आयोजित कांग्रेस के “संगठन सृजन अभियान” प्रशिक्षण शिविर में पहुंचे थे। दो मिनट लेट होने पर उन्होंने खुद को सजा देते हुए पुशअप लगाए। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह कदम पार्टी के अनुशासन और समानता की भावना को दिखाता है।

मध्य प्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक अभिनव बरोलिया ने कहा, “राहुल जी का यह कदम बताता है कि हमारी पार्टी में सब बराबर हैं। यहां कोई ‘बॉसिज्म’ नहीं है, बल्कि लोकतंत्र है। सभी के लिए एक समान नियम हैं।”

सजा तय करने वाले थे सचिन राव

जानकारी के मुताबिक, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण विभाग के प्रमुख सचिन राव ने नियम बनाया था कि शिविर में कोई भी सदस्य लेट होगा तो उसे 10 पुशअप की सजा दी जाएगी। यह शिविर कांग्रेस के संगठन को 2028 के विधानसभा चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर मजबूत करने की तैयारी का हिस्सा है। यह प्रशिक्षण 11 नवंबर तक चलेगा।

पार्टी सूत्रों के अनुसार, राहुल गांधी उसी दिन बाद में बिहार चुनाव प्रचार के लिए लौट गए। यह पिछले पांच महीनों में उनका मध्यप्रदेश का दूसरा दौरा था।

बीजेपी का तंज: बिहार में चुनाव, राहुल जंगल सफारी में व्यस्त

राहुल गांधी के पचमढ़ी दौरे को लेकर बीजेपी ने उन पर निशाना साधा। मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कहा, “जब बिहार जैसे अहम राज्य में चुनाव चल रहे हैं, तब राहुल गांधी जंगल सफारी का आनंद उठा रहे हैं। यही दिखाता है कि वह राजनीति को गंभीरता से नहीं लेते।”

सारंग ने आगे कहा, “राहुल गांधी हमेशा लिखा हुआ भाषण पढ़ते हैं, और जब देश में राजनीतिक माहौल गर्म होता है, तब या तो विदेश निकल जाते हैं या किसी जंगल सफारी पर चले जाते हैं। वे असल में अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाते हैं।”

कांग्रेस बोली – अनुशासन और समानता हमारी पहचान

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी की इस अनुशासनप्रियता की तारीफ करते हुए कहा कि यह दिखाता है कि पार्टी में हर कार्यकर्ता का सम्मान होता है। राहुल गांधी ने न सिर्फ संगठन सृजन अभियान की शुरुआत की थी, बल्कि अब व्यक्तिगत रूप से हर राज्य में संगठन को मजबूत करने पर ध्यान दे रहे हैं।

राहुल गांधी का पचमढ़ी दौरा जहां कांग्रेस के लिए अनुशासन और समानता का संदेश लेकर आया, वहीं बीजेपी ने इस मौके को राजनीतिक हमला करने के लिए नहीं छोड़ा। बिहार चुनावों के बीच पचमढ़ी के जंगल में राहुल की मौजूदगी ने राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया है।

Youthwings