बिहार चुनाव 2025: पहले चरण में 11 बजे तक 27.65% मतदान, नालंदा में चार बीजेपी समर्थक हिरासत में
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण में आज 18 जिलों की 121 सीटों पर मतदान जारी है। सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। 11 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, 27.65% वोटिंग दर्ज की गई है।
नालंदा से बड़ी खबर: चार बीजेपी समर्थक पुलिस हिरासत में
नालंदा जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। बिहार शरीफ विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार और मंत्री डॉ. सुनील कुमार के चार समर्थकों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सूत्रों के अनुसार, ये सभी समर्थक इलाके में बीजेपी विधायक का पर्चा बांट रहे थे, जिस पर स्थानीय पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उन्हें बिहार थाना लेकर चली गई।
प्रधानमंत्री मोदी ने अररिया में की जनसभा
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार (06 नवंबर 2025) को अररिया में चुनावी जनसभा को संबोधित किया।
उन्होंने कहा, “बिहार में 1990 से 2005 तक जंगलराज की सरकार रही, जिसने राज्य को पूरी तरह बर्बाद कर दिया। सरकार चलाने के नाम पर सिर्फ जनता को लूटा गया। उन 15 सालों में बिहार में कितने एक्सप्रेसवे बने? — शून्य, यानी निल बटे सन्नाटा।” पीएम मोदी ने जनता से अपील की कि बिहार को फिर से विकास की राह पर ले जाने के लिए “स्थिर और मजबूत सरकार” का चयन करें।
मतदाताओं में उत्साह, मैथिली ठाकुर ने जताया जीत का भरोसा
अलीनगर विधानसभा सीट से बीजेपी उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने मतदान के पहले चरण को लेकर कहा — “मैं देख रही हूं कि लोग बड़ी संख्या में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। मतदान शांतिपूर्ण और सुगमता से चल रहा है। मतदाता मुझे आशीर्वाद दे रहे हैं, और उनके प्रेम से मुझे पहले से ही जीत का एहसास हो रहा है।”
वोटिंग जारी, दूसरे चरण की तैयारी शुरू
पहले चरण की वोटिंग शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर तक मतदान प्रतिशत में और बढ़ोतरी की संभावना है। दूसरे चरण की वोटिंग को लेकर भी आयोग ने सुरक्षा और लॉजिस्टिक तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।
