बिलासपुर रेल हादसा: साय सरकार ने की आर्थिक मदद की घोषणा, मृतकों को 5 लाख और घायलों को मिलेंगे 50 हजार

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के पास मंगलवार को हुए भीषण रेल हादसे में अब तक 11 यात्रियों की मौत और 20 से अधिक लोग घायल हो चुके हैं। यह दुर्घटना मालगाड़ी और मेमू लोकल ट्रेन के डिरेलमेंट से हुई, जिससे कई कोच पलट गए।मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस घटना को “अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक” बताया और मृतकों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।

मृतकों को 5 लाख और घायलों को 50 हजार की सहायता राशि

राज्य सरकार ने दुर्घटना में दिवंगत यात्रियों के परिजनों को 5 लाख रुपये और घायल यात्रियों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता राशि देने की घोषणा की है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के नि:शुल्क और समुचित इलाज की पूरी व्यवस्था की गई है। उन्होंने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्यों को तेज़ी और प्राथमिकता से संचालित किया जाए।

“राज्य सरकार हर संभव मदद के लिए तैयार” — सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि जिला प्रशासन और रेलवे की टीमें मौके पर लगातार राहत कार्य में जुटी हुई हैं। उन्होंने बताया कि सभी घायलों के लिए चिकित्सा सुविधाएँ और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सीएम साय ने भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ स्थिति पर नजर रखे हुए है और हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

 

Youthwings