कुएं में गिरे तीन हाथी, 3.5 घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को सुरक्षित निकाला गया

महासमुंद। जिले के बारनवापारा अभयारण्य क्षेत्र से सटे हरदी गांव में रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। तीन हाथियों का दल विचरण के दौरान गलती से एक कुएं में गिर गया, जिसमें एक शावक और दो वयस्क हाथी शामिल थे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत वन विभाग को सूचना दी।

सूचना मिलते ही बारनवापारा परिक्षेत्र के एसडीओ कृष्णु चंद्राकर और उनकी टीम मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने पहले ग्रामीणों को सुरक्षित दूरी पर किया और फिर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।

3.5 घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन
वन विभाग ने मौके पर दो JCB मशीनें मंगाई और कुएं के किनारे रैंप बनाकर बचाव कार्य शुरू किया। करीब 3 घंटे 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि सभी हाथी सुरक्षित हैं और रेस्क्यू के बाद वे वापस जंगल की ओर लौट गए।

वन अधिकारियों की अपील
बलौदा बाजार वन मंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम हरदी गांव पहुंची और तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। ग्रामीणों की मदद से हाथियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि वन विभाग सतर्क है और आसपास के गांवों में मुनादी कराई जा रही है ताकि लोग हाथियों के करीब न जाएं।

क्षेत्र में हाथियों का बढ़ा मूवमेंट
पिछले 15 से 20 दिनों से बारनवापारा क्षेत्र में बड़ी संख्या में हाथियों का दल विचरण कर रहा है। दीपावली के दिन इसी क्षेत्र के हरदी गांव में हाथियों ने वृद्ध कनकु राम पर हमला कर उनकी जान ले ली थी। लगातार हाथियों की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Youthwings