बिहार विधानसभा चुनाव 2025: पहले चरण का प्रचार थमा, अब 6 नवंबर को 18 जिलों की 121 सीटों पर होगी वोटिंग

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण के प्रचार का शोर मंगलवार शाम थम गया। अब प्रत्याशियों के पास अपने मतदाताओं तक पहुंचने के लिए केवल सीमित समय बचा है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार शाम 5 बजे के बाद किसी भी तरह की जनसभा, रोड शो या सार्वजनिक प्रचार पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। अब उम्मीदवार केवल डोर-टू-डोर कैंपेनिंग के जरिए ही संपर्क साध सकेंगे।

पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर को होगी, जिसमें 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटों पर मतदान होगा। इस चरण में राज्य के कई बड़े नेताओं की साख दांव पर है। एनडीए और महागठबंधन दोनों ने अंतिम दिन तक जनता को रिझाने में पूरी ताकत झोंक दी।

1314 उम्मीदवार मैदान में
पहले चरण की 121 सीटों पर कुल 1314 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें 1192 पुरुष और 122 महिला प्रत्याशी शामिल हैं। 102 सीटें सामान्य वर्ग के लिए और 19 सीटें अनुसूचित जाति (SC) के लिए आरक्षित हैं।

45,341 मतदान केंद्र बनाए गए
राज्यभर में पहले चरण के लिए कुल 45,341 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इनमें से 36,733 बूथ ग्रामीण इलाकों में और 8,608 बूथ शहरी क्षेत्रों में स्थित हैं। 926 बूथों का संचालन केवल महिलाओं द्वारा किया जाएगा, जबकि 107 बूथों पर दिव्यांगजन तैनात रहेंगे। इसके अलावा 320 मॉडल बूथ भी बनाए गए हैं, जहां मतदाताओं को आधुनिक सुविधाएं और बेहतर व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है।

3 करोड़ 75 लाख से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
पहले चरण में कुल 3,75,13,302 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 1,98,35,325 पुरुष, 1,76,77,219 महिला और 758 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।

सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
चुनाव आयोग ने सभी मतदान केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की है। संवेदनशील और अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में अर्धसैनिक बलों की अतिरिक्त व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

चुनावी तैयारियां पूरी
पहले चरण के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने 121 सामान्य पर्यवेक्षक, 18 पुलिस पर्यवेक्षक और 33 व्यय पर्यवेक्षक की नियुक्ति की है। आयोग ने सख्ती से निर्देश दिया है कि चुनाव में धनबल, बाहुबल या शराब के इस्तेमाल पर कड़ी कार्रवाई होगी। मतदाता किसी भी आचार संहिता उल्लंघन की शिकायत C-VIGIL मोबाइल ऐप या 1950 हेल्पलाइन नंबर पर दर्ज करा सकते हैं।

14 नवंबर को आएंगे नतीजे
पहले चरण के बाद दूसरा चरण 11 नवंबर 2025 को होगा, जिसमें 122 सीटों पर मतदान होगा। मतगणना और परिणामों की घोषणा 14 नवंबर 2025 को की जाएगी।
राज्य का राजनीतिक माहौल इस पहले चरण के नतीजों से काफी हद तक तय होगा। एनडीए जहां मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपनी उपलब्धियां गिना रहा है, वहीं महागठबंधन तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बदलाव और रोजगार का मुद्दा जोर-शोर से उठा रहा है। अब 14 नवंबर को यह साफ होगा कि बिहार की जनता किस पर अपना भरोसा जताती है।

Youthwings