Ration Card Cancellation News: छत्तीसगढ़ में रद्द हो सकते हैं 1.50 लाख से अधिक राशन कार्ड, जल्द हो सकती है कार्रवाई

Ration Card Cancellation News: छत्तीसगढ़ में राशन कार्ड सत्यापन प्रक्रिया में बड़ी सुस्ती देखने को मिल रही है। रायगढ़ जिले में केंद्र सरकार ने करीब 1,61,000 राशन कार्डों को संदिग्ध मानते हुए उनके सत्यापन के निर्देश जारी किए थे। हालांकि अब तक केवल 70,000 कार्डों का ही सत्यापन पूरा हो सका है, जबकि करीब 90,000 कार्डों की जांच अभी बाकी है। इन अपूर्ण कार्डों पर फिलहाल राशन वितरण जारी है।

विपक्ष में बैठी कांग्रेस ने सत्यापन में देरी पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस का आरोप है कि जानबूझकर जांच में देरी की जा रही है, ताकि राशन वितरण में हुई संभावित गड़बड़ियां सामने न आ सकें।

केंद्र सरकार द्वारा जारी संदिग्ध सूची में उन राशन कार्डधारकों के नाम शामिल हैं, जिनके नाम या पते गलत हैं, आधार या बायोमैट्रिक अपडेट नहीं हैं, या लंबे समय से राशन नहीं लिया गया है। इसके अलावा कई लोगों के आधार नंबर मेल नहीं खा रहे हैं, जिससे वे संदिग्ध सूची में शामिल हो गए हैं।

जिले में सत्यापन की रफ्तार बेहद धीमी होने पर प्रशासन की कार्यशैली पर भी सवाल उठ रहे हैं। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा शासनकाल में फर्जी राशन कार्ड बनाए गए थे, और अब जांच में देरी इसलिए की जा रही है ताकि फर्जीवाड़े का खुलासा न हो सके।

वहीं, खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी की व्यस्तता के कारण सत्यापन कार्य में कुछ देरी हुई है, लेकिन अब 100 प्रतिशत सत्यापन का प्रयास किया जा रहा है। अधिकारी स्पष्ट कर रहे हैं कि गलत या अपात्र पाए गए कार्डों को नियमों के अनुसार निरस्त कर दिया जाएगा।

Youthwings