छत्तीसगढ़ विधानसभा उद्घाटन में ओम बिरला की जुबान फिसली, पीएम मोदी को कहा ‘मुख्यमंत्री’, कांग्रेस ने ली चुटकी
रायपुर: छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित नए विधानसभा भवन के उद्घाटन समारोह में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला का एक बयान चर्चा में आ गया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने गलती से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को “मुख्यमंत्री” कह दिया। उनका यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
कांग्रेस का तंज – “भाजपा में बोलने की आजादी खत्म”
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधा है। कांग्रेस नेता धनंजय ठाकुर ने कहा, “भाजपा में मोदी और शाह का इतना दबाव है कि नेताओं को समझ नहीं आता क्या बोलना है। ओम बिरला मुख्यमंत्री का नाम लेना चाहते थे, लेकिन दबाव में उन्होंने ‘मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी’ कह दिया। यह दिखाता है कि पार्टी में बोलने की आजादी खत्म हो चुकी है।”
भाजपा का जवाब – “सिर्फ गलती थी, कांग्रेस कर रही बेवजह की राजनीति”
कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा प्रवक्ता देवीलाल ठाकुर ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, “कांग्रेस के पास अब कोई मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह किसी भी छोटी बात को बड़ा बना रही है। लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से यह बात गलती से निकल गई थी, लेकिन कांग्रेस इसे राजनीति का हथियार बना रही है।”
प्रधानमंत्री ने किया नया विधानसभा भवन लोकार्पित
छत्तीसगढ़ की स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया। उन्होंने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा का भी अनावरण किया। अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि “राज्यों की प्रगति ही भारत के विकास की नींव है।”
