बीजापुर: 51 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 66 लाख का था इनाम
बीजापुर। जिले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सरकार की ‘पूना नारगेम’ योजना और नक्सली पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर कंपनी नंबर 01 के पीपीसीएम और 8 लाख के इनामी नक्सली सहित कुल 51 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया है। इनमें से 20 नक्सलियों पर कुल 66 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण करने वाले सभी माओवादी फायरिंग, आईईडी ब्लास्ट और आगजनी जैसी घटनाओं में शामिल रहे हैं। यह आत्मसमर्पण बीजापुर पुलिस लाइन में किया गया, जहां सीआरपीएफ डीआईजी बी.एस. नेगी, पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र यादव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यूलेण्डन यार्क, डीएसपी शरद जायसवाल, और उप पुलिस अधीक्षक विनीत साहू मौजूद थे।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को 50-50 हजार रुपये की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की और उन्हें मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक कुल 461 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं, जबकि 485 को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 138 माओवादी विभिन्न मुठभेड़ों में मारे गए हैं।
पुलिस का कहना है कि यह आत्मसमर्पण अभियान न केवल नक्सल प्रभावित इलाकों में भरोसा बहाल कर रहा है, बल्कि स्थानीय युवाओं को हिंसा छोड़कर विकास की राह पर लाने में मददगार साबित हो रहा है।
